अरुण के कत्ल की वजह तलाश रही पुलिस, कातिल फरार
धूमनगंज में अरुण श्रीवास्तव की हत्या की वजह पुलिस तलाश कर रही है। हालांकि परिजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं। कातिल फरार हैं।
प्रयागराज : अरुण श्रीवास्तव की हत्या के मामले में परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हालांकि अरुण का कत्ल क्यों किया गया, घरवाले इस बारे में कुछ नहीं बता सके। वहीं, अरुण का मोबाइल और स्वेटर अभी भी गायब है। कातिल भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
शनिवार रात धूमनगंज थाने पहुंचे बड़े भाई ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। उसी के आधार पर अज्ञात के खिलाफ कत्ल का मुकदमा लिखा गया है। इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा ने भाई और घरवालों से लंबी पूछताछ की, लेकिन वह किसी से कोई विवाद की बात नहीं बता सके। अब पुलिस अरुण के दोस्तों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना की रात उसके साथ कौन था।
मोबाइल काल से लग सकता है सुराग
फिलहाल हत्याकांड के तीन दिन बाद भी पुलिस कत्ल का कारण और कातिलों का पता नहीं लगा सकी है। दावा किया जा रहा है कि मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट आने पर कुछ सुराग मिल सकता है। चक मुंडेरा निवासी अरुण दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार शाम वह घर से निकला था। गुरुवार सुबह एक प्लॉट में उसकी लाश मिली थी।
मजदूर के कातिल गिरफ्त से दूर
मजदूर राजकुमार मिश्रा के कातिल भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन उससे भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। इंस्पेक्टर कोतवाली रविंद्र सिंह यादव का कहना है कि साथी मजदूरों से हत्या के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हंडिया निवासी राजकुमार की कोठापार्चा स्थित एक बिल्डिंग के हाते में गला रेतकर हत्या की गई थी।