हुक्का बार में बालू कारोबारी की हत्या में शूटर पहचाना गया, तलाश में छापेमारी, चार हिरासत में Prayagraj News
कार ड्राइवर और हुक्का बार संचालक समेत कई लोगों से पूछताछ सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस से मिले सुराग के सहारे पुलिस ने शूटर का पता लगा लिया है। तलाश में छापेमारी हो रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी में पीडीए कॉलोनी के हुक्का बार में बालू व्यवसायी राहुल दुबे की हत्या में शूटर की पहचान हो चुकी है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। ड्राइवर और हुक्का बार संचालक समेत चार लोग हिरासत में हैं। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी ऐसा कोई क्लू उनसे नहीं मिला है, जिससे पुलिस को सफलता मिले।
शूटर ने राहुल के सिर में दो गोली मारी थी, बाहर भागते समय भी फायर किया
औद्योगिक क्षेत्र के चाड़ी गांव निवासी सुरेश नंदन दुबे का इकलौते पुत्र 28 वर्षीय राहुल दुबे शुक्रवार रात करीब सवा सात बजे नैनी की पीडीए कॉलोनी स्थित हुक्का बार में बैठा था। उसी दौरान अज्ञात शूटर राहुल के सिर में दो गोलियां मारकर भाग गया था। बाहर पीछा कर रहे लोगों पर भी उसने फायर किया था। कार ड्राइवर और हुक्का बार संचालक समेत कई लोगों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस से मिले सुराग के सहारे पुलिस ने शूटर का पता लगा लिया है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अवैध संबंध या व्यवसाय की रंजिश के बीच हत्या का मामला तो नहीं
राहुल की हत्या के पीछे अवैध संबंध रहा या बालू व्यवसाय की रंजिश, इस पर पुलिस अधिकारी अभी साफ तौर पर नहीं बता रहे हैैं। इंस्पेक्टर अवन कुमार दीक्षित का कहना है कि हत्यारों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।
अपराध का अड्डा बन गए हैं हुक्का बार
शहर और इससे सटे झूंसी तथा नैनी में खुले दर्जनों हुक्का बार अवैध गतिविधियों तथा अपराध का अड्डा बन गए हैैं। नैनी में पीडीए कॉलोनी से लेकर शुआट्स तक कई हुक्का बार खुल गए हैैं। इसी तरह शहर में सिविल लाइंस, जार्जटाउन, खुल्दाबाद, प्रीतम नगर, मुंडेरा, अटाला इलाके में खुले हुक्का बार में नाबालिग लड़के नशे के जाल में फंसते जा रहे हैैं। वहां गांजा और स्मैक तक का नशा कराया जा रहा है। अटाला के एक हुक्का बार में अवैध गतिविधि की शिकायत अफसरों को मिली है। सिविल लाइंस में दो हुक्का बार में कई बार मारपीट, फायङ्क्षरग और बमबाजी हो चुकी है। नैनी के हुक्का बार में कई बार बवाल हो चुका है और कत्ल भी हो गया। पुलिस औचक छापेमारी करे तो हुक्का बार का सच सामने आ सकता है।