कपड़ा सिलाई की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, महिला समेत तीन गिरफ्तार Prayagraj News
शिवकुटी निवासी महिला कैंट थाने के पीछे ऑकलैंड रोड पर मकान में किराए का कमरा लेकर रहती थी। वह कपड़ा सिलाई की आड़ में देह व्यापार कर रही थी। पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ पुलिस ने किया। कैंट पुलिस ने छापेमारी करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला शिवकुटी और युवक हिमाचल प्रदेश व असम के रहने वाले हैं। दोनों युवक सरकारी कर्मचारी हैं और हरियाणा में कार्यरत हैं। यहां एक खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आए थे।
सीओ सिविल लाइंस ने ऑकलैंड रोड स्थित मकान में की छापेमारी
पुलिस का दावा है कि शिवकुटी निवासी एक महिला कैंट थाने के पीछे ऑकलैंड रोड स्थित एक मकान में किराए का कमरा लेकर रहती थी। वह कपड़ा सिलाई की आड़ में देह व्यापार कर रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ सिविल लाइंस बृजनारायण सिंह, इंस्पेक्टर कैंट सुरेश द्विवेदी ने महिला फोर्स के साथ अचानक उस मकान में छापा मार दिया। इससे लोगों में खलबली मच गई। जांच के दौरान कमरे के भीतर से कंडोम, शराब की बोतल, सिगरेट समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली। इस पर सभी को पकड़कर कैंट थाने ले जाया गया फिर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा लिखकर गिरफ्तार कर लिया गया।
बोले कैंट थाने के इंस्पेक्टर
कैंट थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला शादीशुदा है। उसने कबूल किया है कि पिछले छह माह से देह व्यापार कर रही थी। किराए पर कमरा भी उसने कपड़ा सिलाई की बात कहकर लिया था। उसके मोबाइल और वाट्सएप चैट से कई जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक इससे पहले भी महिला के कमरे पर जा चुके हैं।