हत्या के गवाह का कत्ल करने जा रहे थे दो शूटर, उतरांव पुलिस ने मुठभेड में दबोचा Prayagraj News
पुलिस पर फायर कर भाग रहे दो शूटर गिरफ्तार किया। उनके पास से असलहे भी बरामद हुए। वह दोनों जिसकी पूर्व में हत्या कर चुके थे उस मामले में गवाह भाई को जान से मारने जा रहे थे।
प्रयागराज, जेएनएन। पुलिस की सक्रियता से होली पर हत्या जैसा गंभीर अपराध होने से बच गया। उतरांव पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार कर इसका सबूत भी दिया। दोनाें शूटर हत्या के गवाह का कत्ल करने के इरादे से जा रहे थे। थानाध्यक्ष उतरांव सुनील कुमार सिंह फोर्स के साथ घेरा तो शूटरों ने फायर कर दिया। किसी प्रकार पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनके कब्जे से अवैध असलहे भी बरामद हुए हैं। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
न्यू सोहबतियाबाग में अमित को मारने जा रहे थे अपराधी
शहर के जार्ज टाउन थाना क्षेत्र के न्यू सोहबतिया बाग इलाके में कत्ल के गवाह की हत्या करने के इरादे से दोनों शूटर जा रहे थे। इसकी भनक उतरांव पुलिस को हुई तो उन्हें सोमवार की रात में दबोच लिया गया। पकड़े गए शूटरों में विपिन सिंह पुत्र बसंतलाल सिंह निवासी मिरईपुर थाना उतरांव और अजय सिंह उर्फ चुम्मन पुत्र घनश्याम सिंह निवासी मुसौती थाना मांडा के रहने वाले हैं। उन्हें बहद ग्राम बलरामपुर स्थित मंडौर मोड़ से पकड़ा गया। उनके कब्जे से अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। पूछताछ में इन शूटरों ने बताया कि वर्ष 2016 में उन दोनों ने सोहबतियाबाग के रहने वाले अभिषेक त्रिपाठी उर्फ छोटू की हत्या कर दी थी। उस घटना में अभिषेक का भाई अमित त्रिपाठी गवाह है।
अपराधियों ने कहा-कई बार समझाने पर भी नहीं मान रहा था गवाह
शूटरों में विपिन सिंह और अजय सिंह उर्फ चुम्मन ने पुलिस को बताया कि उन दोनों ने हत्या के गवाह अमित त्रिपाठी को कई बार धमकाया भी था कि वह मामले की गवाही न दे लेकिन वह मान नहीं रहा था। इसीलिए वे दोनों उसकी हत्या करने जा रहे थे। शूटराें को पकड़ने में थानाध्यक्ष उतरांव के साथ एसआइ ओमकार सिंह यादव, सिपाही, प्रहलाद राम, आनंद सिंह, राघवेंद्र सिंह और हरिओम थे।
नशे में धुत होकर विवाद कर रहे पांच का चालान
नैनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर शराब पीकर क्षेत्र में विवाद कर रहे सगे भाइयों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया। पुलिस के मुताबिक श्रमिक बस्ती निवासी गोलू और बच्चा लाल पुत्रगण भैरोदीन शराब पीकर आपस में विवाद कर रहे थे। दोनों को हिरासत में लेकर चालान किया गया। इसी प्रकार चक रघुनाथ मोहल्ला निवासी राहुल पांडे पुत्र विजय कुमार पांडे नशे में लोगों से गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस ने उसका चालान किया। वहीं सब्जी मंडी निवासी गोलू पुत्र चुल्ला और सोनू पुत्र राम ब्रिज नशे में धुत होकर विवाद कर रहे थे। उन्हें भी हिरासत में लेने के बाद चालान किया गया।