पति ने अपने मालिक के साथ रची थी बेबी की हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार Prayagraj News
महिला की हत्या में पति समेत तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी एक फरार ही है। पति ने अपने मालिक व अतीक के करीबी बिल्डर के साथ साजिश रची थी।
प्रयागराज, जेएनएन। बेबी का पति ही उसका कातिल निकला। बेबी उसकी दूसरी पत्नी थी और उससे छुटकारा पाना चाहता था। इधर उसका मालिक यानी जिसके साथ काम करता था वह अपने एक दुश्मन को फंसाना चाहता था। इसके बाद सबने मिलकर बेबी की हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया। मुंडेरा में हुई बेबी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति मो. रईस, अतीक के करीबी प्रापर्टी डीलर मो. अशरफ और मो. शाबान को गिरफ्तार किया तो मामले का राजफाश हुआ। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एयरगन को भी बरामद कर लिया है। कत्ल की साजिश अशरफ ने ही रची थी। वह इस हत्याकांड में अपने दुश्मन सलाउद्दीन उर्फ लाला व ननकू यादव को फंसाना चाहता था।
अपने रास्ते से रईस पत्नी बेबी को हटाना चाहता था
पुलिस लाइन सभागार में अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश किया। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि नीम सराय निवासी मो. रईस की पहली पत्नी बेबी थी, जिससे कोई संतान नहीं थी। दूसरी बीवी आलिया उर्फ पिंकी एक स्कूल में पढ़ाती है। रईस पिछले 10 साल से अशरफ के यहां बतौर नौकर काम कर रहा था। बेबी भी उसके घर पर चौका-बर्तन करती थी। इसी बीच अशरफ ने रईस को उसकी पत्नी से छुटकारा दिलाने व अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए साजिश रची।
एयरगन से बेबी को गोली मारी गई
अशरफ व ननकू में जमीन को लेकर रंजिश है। इसी के तहत चार नवंबर को एयरगन से बेबी को गोली मारी गई। गोली किडनी में फंसने के कारण उसकी मौत हो गई। तब रईस ने ननकू व लाला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन विवेचना में कहानी उलट गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को दबोच लिया। हालांकि गोली मारने वाला अशरफ का भाई अतहर अभी फरार है और उसकी तलाश चल रही है।