रक्षामंत्री का रिश्तेदार बन आरआरसी चेयरमैन को धमकाने वाला गिरफ्तार Prayagraj News
वह आआरबी के चेयरमैन से मिलकर खुद को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का रिश्तेदार बताया। रेलवे भर्ती परीक्षा के संबंध में पूछ रहा था। चेयरमैन की सूचना पर पुलिस ने पकड़ लिया। केस दर्ज है।
प्रयागराज, जेएनएन। आइएएस अफसर बनकर रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) के चेयरमैन विवेक प्रकाश के ऑफिस पहुंचे प्रमोद कुमार सिंह उर्फ पीके से पुलिस अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं। वाराणसी से यहां पहुंची उसकी पत्नी से पूछताछ के बाद सिविल लाइंस थाने में प्रमोद के खिलाफ धोखाधड़ी और जबरन आफिस में घुसने का मुकदमा दर्ज हो गया। रेलवे ग्रुप डी भर्ती को लेकर प्रमोद की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं। उसने खुद को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का रिश्तेदार बताकर चेयरमैन पर रौब गांठा था। उसने कई और लोगों के नाम पर धौंस दी थी। उसके बारे में पुलिस वाराणसी और जौनपुर से जांच करा रही है।
खुद को आइएएस अफसर बताकर प्रमोद चेयरमैन से मिलने पहुंचा था
वाराणसी के अहरौली थाना क्षेत्र के आयर गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार सिंह को शुक्रवार को रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) के चेयरमैन विवेक प्रकाश के आफिस से हिरासत में लिया गया था। खुद को आइएएस अफसर बताकर प्रमोद चेयरमैन से मिलने पहुंचा था। फिर उसने रेलवे गु्रप डी भर्ती को लेकर चेयरमैन को धौंस देने, सेटिंग करने की कोशिश की थी। शक होने पर चेयरमैन ने पुलिस बुला ली थी। प्रमोद सिंह पुत्र राम सिंह से पूछताछ की गई।
पत्नी ने कहा, हाईपर प्रमोद का दिमागी संतुलन बिगड़ जाता है
प्रमोद अपने बयान से पुलिस को घुमाता रहा। शनिवार को पुलिस के बुलाने पर प्रमोद की पत्नी उर्मिला सिंह और अन्य परिजन भी सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। पत्नी का कहना है कि अचानक प्रमोद हाईपर हो जाते हैं। उनका दिमागी संतुलन बिगड़ा जाता है। उपचार चल रहा है। हालांकि पुलिस इस बात से संतुष्ट नहीं है। प्रमोद परिवार के साथ वाराणसी में रह रहा है लेकिन वह मूल रूप से जौनपुर के बलरामपुर, चंदौर का रहने वाला है। ऐसे में पुलिस अधिकारी वाराणसी और जौनपुर से पूछताछ करा रहे हैं। नाम, पता और अन्य गतिविधियां चेक कराई जा रही हैं।
बोले सीओ सिविल लाइंस
सीओ सिविल लाइंस बृज नारायण सिंह के मुताबिक, रेलवे अधिकारी की तहरीर पर रात में प्रमोद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। रेलवे भर्ती को लेकर वह चेयरमैन से अजीब बातें कर रहा था। वाराणसी, जौनपुर में पूछताछ कराई जा रही है। शक है कि भर्ती के संबंध में यह कोई खेल करने की तैयारी में था।
खुद को साफ्टवेयर इंजीनियर और स्कूल संचालक बताया
प्रमोद कुमार उर्फ पीके खुद को साफ्टवेयर इंजीनियर बता रहा है। उसका कहना है कि दिल्ली की एक कंपनी के लिए वह काम करता है। वह वाराणसी में स्कूल भी चलाता है। सिविल लाइंस थाने में बैठाए गए प्रमोद का कहना है कि उसने आइएएस की परीक्षा दी थी। इसी का जिक्र चेयरमैन से किया था। प्रमोद पुलिस के ज्यादातर सवालों को टाल जा रहा है। वह जानबूझ कर ऐसी हरकत कर रहा है कि पुलिस उसे बीमार समझे।
आरआरसी के चेयरमैन बोले
आरआरसी के चेयरमैन विवेक प्रकाश का कहना है कि उस शख्स ने खुद को आइएएस अफसर बताया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को अपना रिश्तेदार बता रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को बुलाया गया। थाने में शिकायती पत्र भिजवा दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप