मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद्र जगन्नाथ ने कहा- और अधिक मजबूत होंगे अब दोनों देशों के संबंध
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद्र जगन्नाथ ने कुंभ को अलौकिक और अद्वितीय बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनके इस दौरे से भारत-मारीशस के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस के समारोह के मुख्य अतिथि रहे मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद्र जगन्नाथ ने आज कुंभनगरी में संगम में स्नान के बाद दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मीडिया को संबोधित किया।
प्रवींद्र जगन्नाथ ने कुंभ को अलौकिक और अद्वितीय बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनके इस दौरे से भारत-मारीशस के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे। उन्होंने इसके लिए पतितपावनी गंगा से इसकी कामना भी की। संगम नोज पर दोपहर मीडिया से मुखातिब मारीशस के प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने विश्व शांति के लिए भी माँ गंगा से प्रार्थना की।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि बनाए जाने के लिए उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कहा कि कुंभ उत्कृष्ट आयोजन है। उन्होंने जय हिंद जय मारीशस बोलकर अपनी बात खत्म की। इसके बाद विशेष विमान से नई दिल्ली रवाना हो गए।
मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रवींद्र ने संगम में स्नान के बाद किया दर्शन-पूजन
वाराणसी में तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस के समापन के बाद आज सुबह सौ से अधिक देश के प्रतिनिधियों का काफिला प्रयागराज पहुंचा। इनके साथ मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रवींद्र जगन्नाथ ने भी संगम पर स्नान करने के बाद बांध पर हनुमान मंदिर में पूजा की।
मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रवींद्र जगन्नाथ आज सुबह नई दिल्ली से चलकर प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर उतरे। उसके बाद उन्होंने पत्नी कोविता रामदीन के साथ संगम पर स्नान किया। वहां से बांध पर हनुमान मंदिर पहुंचे और हनुमान जी का दर्शन तथा पूजन किया। इस दौरान साधु-संतों ने उनका फूल-मामला से स्वागत किया। पूजन के बाद पत्नी कविता रामदीन के साथ वह अक्षयवट और सरस्वती कूप भी देखने गए।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद जगन्नाथ पत्नी कविता रामदीन के साथ संगम पहुँचे। उन्होंने पावन संगम पर आचमन किया और फिर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन पूजन किया। इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से अगवानी के लिए नामित नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कुंभ कलश में गंगा जल भेंट किया। इसके पहले मारीशस के पीएम कुंभनगर में स्थापित देश के पहले इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर को देखने पहुंचे। इसके बाद बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन किया। वह विशेष प्लेन से नई दिल्ली लौट गए। उनके साथ भारत में मारीशस के राजदूत और उनके देश के 32 डेलीगेट्स भी थे।
इससे पहले कल मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ, अपनी पत्नी और अतिथियों के साथ कल सारनाथ भ्रमण करने पहुंचे। जगन्नाथ ने अशोक स्तंभ, मूलगंज कुटी बिहार, जहां पर भगवान बुद्ध ने बैठकर अपना वर्षा वास बिताया था। उन्होंने पवित्र धमेख स्तूप की परिक्रमा की। वीआईपी गेट पर महाबोधी सोसायटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव के मेधाकर थेरो ने खाता पहनाकर अभिनंदन किया। प्रयागराज में आज प्रवासी भारतीयों के दौरे को लेकर कई रुटों पर यातायात प्रतिबंधित रहा। इलाहाबाद जंक्शन स्टेशन के सिविल लाइन साइड से छह घंटे प्रवेश बंद है। यहां जंक्शन के बेस किचन में 3000 मेहमानों का भोजन तैयार होगा। आज ही प्रवासी भारतीय यहां से स्पेशल ट्रेन से दिल्ली जाएंगे।