पीएम मोदी संगम तट पर दिव्यांगों संग बिताएंगे कुछ पल, बढ़ाएंगे उनका मनोबल Prayagraj News
आपको तो पता ही है कि पीएम मोदी 29 फरवरी को प्रयागराज आएंगे। दिव्यांगों व बुजुर्गों को उपकरण बांटेंगे। समारोह के पहले तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आ सकते हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। परेड मैदान पर 29 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिव्यांगों को उपकरण देने के साथ ही उनके जीवन में खुशहाली लाने का संदेश भी देंगे। उनके साथ कुछ पल बिताएंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे। वह जिन 300 दिव्यांगों से मन की बात करेंगे, उनकी सूची भी तैयार हो गई है। बस इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री दिव्यांगों के साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराएंगे। बाद में ये फोटोग्राफ्स दिव्यांगों के घर पहुंचाए जाएंगे। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय मंत्री भी आ सकते हैैं।
एसपीजी के फाइनल करने पर ही जानकारी चयनित दिव्यांगों को दी जाएगी
प्रधानमंत्री से मिलने वाले दिव्यांगों की सूची गोपनीय रखी गई है। एसपीजी के फाइनल करने पर ही इसकी जानकारी चयनित दिव्यांगों को दी जाएगी। कोशिश हो रही है कि इन दिव्यांगों को एक दिन पहले ही शहर बुला लिया जाए और मंच के सामने बनाए जा रहे विशेष ब्लॉक में उन्हें सबसे पहले पहुंचाया जाए। इसके लिए एक आइएएस अफसर के साथ ही दो मजिस्ट्रेट व तीन जिला स्तरीय अफसर लगाए गए हैैं।
समारोह में विश्व रिकॉर्ड टूटेंगे तो कई विश्व रिकॉर्ड बनेंगे
समारोह के दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां आ सकते हैैं। केंद्र सरकार के एक मंत्री के भी उनके साथ आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पिछले हफ्ते आए थे तो पूरे समारोह की रूपरेखा तय कर गए थे। अब वह उसी तैयारी को देखने आएंगे। समारोह में विश्व रिकॉर्ड टूटेंगे तो कई विश्व रिकॉर्ड बनेंगे। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ लगभग 11 हजार दिव्यांगों को उपकरण दिए जाएंगे। साथ ही पहली बार 16 हजार से ज्यादा बुुजुर्गों को एक ही स्थान पर उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इस मेगा कैंप में लगभग 27 हजार लाभार्थियों को 57 हजार के करीब उपकरण दिए जाएंगे।
खास बातें
3.5 लाख वर्ग फीट के करीब क्षेत्रफल में बन रहे सात हैैंगर पंडाल
70 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी, दिव्यांगों व उनके सहायक के लिए
02 हजार वीआइपी के लिए भी पंडाल में रखी जाएंगी कुर्सियां
21 ब्लॉक बनाए जा रहे हैैं दिव्यांगों और बुजुर्गों के बैठने के लिए
10 पॉर्किंग बनाई जाएंगी लाभार्थियों को लाने वाली बसों के लिए
15 सौ बसेें लगाई गई हैैं लाभार्थियों को कार्यक्रम तक लाने के लिए
500 ट्रकों को लगाया गया है उपकरण लाने और पहुंचाने के लिए।
जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह बोले, करीब दो घंटे पीएम व सीएम रहेंगे
जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह कहते हैं कि प्रयागराज में दिव्यागों का दिव्य समारोह होगा। इसमें कई विश्व रिकॉर्ड बनेंगे। समारोह में दिव्यागों के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही कई अन्य आयोजन भी होंगे। समारोह में लगभग दो घंटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे।