ध्यान दें, Lockdown में घरों में रहकर 1920 नंबर पर करें फोन, मिलेगा ऑनलाइन इलाज Prayagraj News
शहरवासियों के लिए सुखद खबर है। वह यह कि कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन में घरों में रहकर भी आप ऑनलाइन इलाज करवा सकेंगे। इसके लिए 60 डाक्टरों का पैनल है।
प्रयागराज, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान घरों में रहने वाले लोगों को अब स्वास्थ्य समस्या को लेकर परेशान होने की कतई जरूरत नहीं है। वह घर बैठे स्वास्थ्य समस्या का समाधान जान सकते हैं। इसके लिए 1920 नंबर डॉयल करना होगा फिर समस्या बतानी होगी। उसके बाद डॉक्टर सुझाव देंगे। जरूरत होगी तो दवा भी बताएंगे। यह सेवा लॉकडाउन तक लोगों को मिलेगी।
इस नंबर पर एक साथ 30 लोगों की बात हो सकती है
स्मार्ट सिटी प्रयागराज ने लोगों की सुविधा के लिए यह सेवा शुरू की है। सोमवार से इसका संचालन शुरू हो रहा है। इस नंबर पर एक साथ 30 लोगों की बात हो सकती है। व्यक्ति को जिस प्रकार की तकलीफ होगी, उससे संबंधित डॉक्टर से फोन करने वाले की बात कराई जाएगी। अगर ज्यादा जरूरत होगी तो डॉक्टर का मोबाइल नंबर दिया जाएगा, ताकि व्यक्ति वीडियो कॉल करके अपनी समस्या डॉक्टर को दिखा सके।
यह सुविधा 24 घंटे लोगों को मिलेगी
यह सुविधा 24 घंटे चलेगी। 60 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को इस काम में लगाया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र के माहिर हैं।
नगर आयुक्त ने कहा-यह सुविधा स्मार्ट सिटी की नई पहल है
नगर आयुक्त रवि रंजन कहते हैं कि शहरवासियों की सुविधा के लिए स्मार्ट सिटी ने यह नई पहल की है। इसके लिए फिजीशियन, होम्यापैथी, साइकोलॉजिस्ट, ऑर्थोपेडिक, डेंटिस्ट आदि डाक्टरों की मदद ली जा रही है।