खगोलीय घटनाओं के रहस्य और रोमांच को जानने को आज एनसीजेडसीसी अवश्य जाएं Prayagraj News
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जन्मतिथि के उपलक्ष्य में नेहरू तारामंडल नई दिल्ली ने देश भर में कार्यक्रम निर्धारित किया है। प्रयागराज में भी तारामंडल दिखाने की योजना है।
प्रयागराज, जेएनएन। आप और आपके बच्चों में यदि अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि है और खगोलीय घटनाओं के रोमांच को निकट से जानना चाहते हैं तो आज संभव हो सकेगा। क्योंकि एनसीजेडसीसी में बुधवार यानी आज शाम को सांस्कृतिक गतिविधियों से कुछ अलग हटकर खगोलीय घटनाओं की जानकारी देने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। शाम छह बजे से केंद्र निदेशक के कक्ष में स्कूली बच्चों, उनके अभिभावक या आकाशीय घटनाक्रमों में रुचि रखने वाले अन्य लोगों को तारों व ग्रहों की बहुरंगी दुनिया दिखाई जाएगी। तीन घंटे तक प्रस्तावित इस आयोजन में अलग-अलग हिस्से होंगे।
जेल में महात्मा गांधी ने तारों को निहारने के लिए दूरबीन का उपयोग किया था
एनसीजेडसीसी के प्रसार विभाग के अनुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जन्मतिथि के उपलक्ष्य में नेहरू तारामंडल नई दिल्ली ने देश भर में कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके तहत प्रयागराज में भी तारामंडल दिखाने की योजना है। ऐसा इसलिए, क्योंकि 1932 में यरवदा जेल में निरुद्ध रहने के दौरान महात्मा गांधी ने आकाश में तारों को निहारने के लिए दूरबीन का उपयोग किया था। साबरमती आश्रम में अपने सहयोगियों को उन्होंने कुछ यंत्रों के माध्यम से आसमान में होने वाली खगोलीय घटनाओं की जानकारी रखने की प्रेरणा भी दी थी।
एनसीजेडसीसी में बापू खगोल मेला उत्सव की तैयारी
इसके तहत संस्कृति मंत्रालय की पहल पर नेहरू तारामंडल ने एनसीजेडसीसी प्रयागराज में बापू खगोल मेला उत्सव की तैयारी की है। इसमे एनसीजेडसीसी, नेहरू स्मारक पुस्तकालय की भी भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
बच्चों में अधिक उत्सुकता
खगोलीय घटनाओं और उनके रहस्य को जानने के लिए बच्चे एनसीजेडसीसी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शरीक होने को उत्सुक नजर आ रहे हैं। वह अपने अभिभावकों के साथ शाम को सांस्कृतिक केंद्र जाने को तैयार भी हैं।