Coronavirus से संक्रमित उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के स्वास्थ्य लाभ को प्रार्थना, श्रृंगवेरपुर धाम में अनुष्ठान
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इन दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए श्रृंगवेरपुरधाम में पांच दिवसीय अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होकर साधु संत और स्थानीय लोग कामना कर रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इन दिनों कोरोना वायरस संक्रमित हैं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में पूजन-अर्चन किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रृंगवेरपुर धाम में पांच दिवसीय अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। अनुष्ठान के तीसरे दिन रामाभिषेक किया गया। इसमें संत, महात्मा और विद्वानों के साथ ही स्थानीय लोगों ने अनुष्ठान में शामिल होकर प्रभु श्रीराम से उनके जल्द स्वस्थ हो जाने की कामना की।
श्रृंगवेरपुरधाम में पांच दिवसीय अनुष्ठान
जय श्रीराम सेवा संस्थान श्रृंगवेरपुरधाम के नेतृत्व में आयोजित पांच दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन श्रीराम अवध विश्राम धाम में दंडी स्वामी रामाश्रम शास्त्री महाराज ने रामाभिषेक कर सूबा के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के स्वस्थ होने एवं समाज कल्याण की कामना की। अनुष्ठान के पहले दिन दिव्य गंगा आरती तो दूसरे दिन महारुद्राभिषेक किया गया था। अनुष्ठान रामाभिषेक में संत महात्मा एवं विद्वानों के साथ क्षेत्र वासी सम्मिलित रहे। दीप प्रज्वलित कर मंत्रोच्चारण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विधि-विधान से पूजा पाठ
श्रीराम, जानकी और लक्ष्मण जी की प्रतिमा पर वस्त्रों को चढ़ाकर रामाभिषेक संपन्न हुआ। विद्वानों के द्वारा स्वस्तिवाचन एवं मंत्रोच्चारण के साथ तीसरे दिन विधि-विधान से पूजा पाठ संपन्न हुआ। जय श्रीराम सेवा संस्थान के अध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि एकता, अखंडता एवं विश्व शांति को बनाए रखना हमारा उद्देश्य है। कार्यकारिणी अध्यक्ष केडी मिश्र एवं अटल त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्रृंगवेरपुर धाम भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रमापति त्रिपाठी, अरुण द्विवेदी, कोमल मिश्र, अजय पांडेय, शिवदीप त्रिपाठी, वरुण द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम के स्वास्थ लाभ को किया हवन-पूजन
इसी प्रकार सहसों में भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के स्वास्थ्य लाभ की कामना से हवन-पूजन हुआ। केशव मौर्य के कोरोना पॉजिटिव होने पर उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष आशीष केसरवानी सहित कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड का पाठ और पूजन एवं हवन किया। गंगापार जिलाध्यक्ष अश्विनी द्विवेदी ने कहा कि हनुमान जी की कृपा से उप मुख्यमंत्री शीघ्र ही स्वस्थ हो जाएंगे। पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुण अग्रवाल, जीत लाल त्रिपाठी, राजेंद्र केसरवानी, विष्णु केसरवानी, अमित मिश्रा, बेटू मिश्रा, संजय बनकटा, लवकुश निषाद, मनोज निषाद, धैर्य प्रताप, राघवेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।