Coronavirus : इंडोनेशियाई युवकों का पासपोर्ट जब्त किया गया , वीजा होगा निरस्त Prayagraj News
प्रशासन ने इन सबका पासपोर्ट जब्त कर वीजा निरस्त कराने की तैयारी की है। लॉकडाउन समाप्त होने पर एयरलाइंस शुरू होने पर पहली फ्लाइट से इन्हें इंडोनेशिया भेजने की तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज,जेएनएन। प्रतिबंध के बावजूद प्रयागराज में आए इंडोनेशिया के सभी सात लोगों का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। इनका वीजा निरस्त होगा। साथ ही वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर उन्हें काली सूची में भी डाला जाएगा, जिससे वे भविष्य में भारत नहीं आ सकेंगे।
22 मार्च को दिल्ली में तब्लीगी मरकज में शामिल होकर प्रयागराज आए थे
इंडोनेशिया के तिमुर शहर के सात शख्स दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में शामिल हुए थे। इसके बाद वे केरल तथा कोलकाता के दो शख्स के साथ 22 मार्च को प्रयागराज पहुंचे और अब्दुल्ला मस्जिद में छिपे थे। गोपनीय सूचना पर पुलिस और प्रशासन ने मंगलवार रात छापेमारी कर मस्जिद से इन लोगों समेत 37 लोगों को पकड़ा था।
पासपोर्ट जब्त कर वीजा निरस्त कराने की तैयारी
सभी को क्वारंटाइन में रखा गया है। प्रशासन ने इन सबका पासपोर्ट जब्त कर वीजा निरस्त कराने की तैयारी की है। लॉकडाउन समाप्त होने पर एयरलाइंस शुरू होने पर पहली फ्लाइट से इन्हें इंडोनेशिया भेजने की तैयारी की जा रही है। एडीएम सिटी अशोक कनौजिया ने बताया कि विदेश से आए लोगों की विशेष निगरानी हो रही है।
आज से और होगी सख्ती
कोरोना वायरस को लेकर पुलिस अब लॉकडाउन का और सख्ती से पालन करवाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआइआर के साथ ही गिरफ्तारी की जाएगी। शहर और गांव की मुख्य सड़क के अलावा पुलिस गलियों में भी गश्त बढ़ाएगी। घर के बाहर रोड पर घूमने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आइजी रेंज केपी सिंह का कहना है कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उच्चाधिकारियों ने भी सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।