चायनीज मंझे से फिर हादसा, इस बार पीएसी के फालोवर की गर्दन कटी
चायनीज मंझा ने इस बार नए यमुना पुल पर पीएसी के फालोवर की गर्दन रेत दिया। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। गंभीर हाल में वह एसआरएन अस्पताल में भर्ती है।
प्रयागराज, जेएनएन। चाइनीज मंझा लोगों के लिए जानलेवा ही साबित हो रहा है। एक ओर तो पतंग के शौकीनों के लिए यह मंझा बहुत भाता है, वहीं राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारण भी बन रहा है। एक बार फिर चायनीज मंझे ने पीएसी के फालोवर पर अटैक किया। इससे फालोवर श्रीकांत मिश्र का गला कट गया। नए पुल पर जाते समय मंझा गर्दन के पास गिरा और खिंच गया। इससे श्रीकांत की गर्दन रेत गई और वह लहूलुहान होकर गिर गए। पुल पर उनको तड़पता देख वहां से गुजर रहे लोग उन्हें लेकर अस्पताल लेकर भागे। श्रीकांत की हालत गंभीर है। हालांकि नैनी और कीडगंज दोनों ही थाने में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
अतरसुइया के रहने वाले हैं श्रीकांत, नए यमुना पुल पर हुआ हादसा
अतरसुइया के रहने वाले श्रीकांत मिश्र दोपहर में किसी काम से नैनी जा रहे थे। स्कूटी से नए यमुना पुल से निकलने के दौरान अचानक चाइनीज मंझा गिरा और उनकी गर्दन को रगड़ते हुए निकला। श्रीकांत ने दोनों हाथों से मंझे को तोड़ा, लेकिन तब तक उसकी गर्दन कट चुकी थी। गर्दन से खून बहने लगा। उसकी सांस फंसने लगी तो वह गिर गए। राहगीरों ने उन्हें खून से लथपथ देखा तो पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि उन्हें दूसरी गाड़ी से प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती किया गया। श्रीकांत की हालत गंभीर है।
बोले इंस्पेक्टर नैनी और कीडगंज
नैनी इंस्पेक्टर का कहना है कि किसी ने फोन से सूचना दी थी। तहरीर नहीं आई है। पूरे मामले की जानकारी भी नहीं है। कीडगंज इंस्पेक्टर का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं दी गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप