नैनी जेल में वर्चस्व को लेकर दो बंदी भिड़े, घायल बंदी एसआरएन रेफर Prayagraj News
कई बार दोनों आपस में भिड़ चुके थे लेकिन जेल प्रशासन हर बार उनकी इस हरकत को नजरअंदाज कर रहा। गुरुवार दोपहर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए।
प्रयागराज, जेएनएन। केंद्रीय कारागार में दो बंदियों के बीच कई दिनों से चली रही तनातनी ने आज उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग लामबंद होकर भीड़ गए, जिससे एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल वार्डन की ओर से घटना के बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
काफी दिन से दोनों के बीच चल रही थी खुन्नस
जेल के सर्किल संख्या पांच में बंद घूरपुर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव निवासी अरविंद पासी पुत्र जगदेव को 19 फरवरी 2019 को नैनी जेल में निरुद्ध किया गया था। उसी सर्किल में कौंधियारा थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी ज्ञान सिंह पुत्र स्व. राम बहादुर सिंह को सात जून 2019 को जेल में निरुद्ध किया गया था। अरविंद और ज्ञान सिंह के बीच पिछले कई दिनों से वर्चस्व को लेकर खुन्नस चल रही थी। जिसे लेकर कई बार दोनों आपस में भिड़ चुके थे लेकिन जेल प्रशासन हर बार उनकी इस हरकत को नजरअंदाज कर रहा। गुरुवार दोपहर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। एक दूसरे को लात घूंसे से पीटने लगे। उसी दौरान अरविंद पासी ने शौचालय की ईंट उखाड़कर ज्ञान सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जख्मी बंदी को एसआरएन अस्पताल किया गया रेफर
घटना की जानकारी होते ही जेल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बंदी रक्षकों ने किसी तरह बंदियों को उनके बैरक में भेजा। घायल ज्ञान सिंह को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। वार्डन कंचन यादव की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही। जेल प्रशासन का कहना है कि आज दोपहर ज्ञान सिंह शौचालय में बैठा था उसी दौरान अरविंद पासी ने ईट उखाड़कर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।