छात्रों की मांगों के समर्थन में एनएसयूआइ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी Prayagraj News
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष पांच सूत्रीय मांगों को पूरा कराने की जिद पर अड़े हैं धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं समर्थन में अब एनएसयूआइ भी आ गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। पांच सूत्रीय मांगों को पूरा कराने की जिद पर अड़े इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रों के समर्थन में अब नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) भी मैदान में उतर आई है। धरने के पांचवे दिन एनएसयूआइ के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलन को समर्थन दिया। कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन होगा।
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर निवर्तमान छात्रसंघ उपाध्यक्ष का धरना जारी
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर निवर्तमान छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में छात्रों का धरना प्रदर्शन जारी है। धरने को समर्थन देने के लिए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन को आना था लेकिन अचानक सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में जाने से कार्यक्रम निरस्त हो गया। ऐसे में राष्ट्रीय सचिव नावेद खान और प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौबे ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। एनएसयूआइ की प्रदेश कार्यकारिणी व अन्य जिले के जिला अध्यक्ष भी धरने को समर्थन देने पहुंचे। राष्ट्रीय सचिव नावेद खान एवं प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौबे का जिलाध्यक्ष पृथ्वी प्रकाश तिवारी ने स्वागत किया।
इविवि छात्रसंघ बहाली की मांग को राष्ट्रीय पटल पर उठाएंगे : नावेद
इस दौरान नावेद खान ने कहा कि हम इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ बहाली की मांग को राष्ट्रीय पटल पर उठाएंगे। साथ ही पार्टी के शीर्ष नेताओं के माध्यम से संसद में भी इस मुद्दे को उठाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौबे ने कहा यदि मांगें नहीं पूरी हुईं तो प्रदेश व्यापी आंदोलन होगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। इस दौरान सूरजभान सिंह, सत्यम कुशवाहा, प्रवेश मिश्रा, अक्षय, अनुभव सिंह, अमित मिश्रा, दीपेश त्रिपाठी, विवेक रावत के अलावा मुंकंद तिवारी समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप