कब तक बन जाएगा रोडवेज बस अड्डा, किसी को नहीं पता
सूचना के अधिकार के तहत यह जानकारी मिली कि प्रतापगढ़ में रोडवेज बस अड्डा कब बनकर तैयार होगा, किसी को भी पता नहीं है। परिवहन निगम ने यह असमर्थता जताई है।
प्रयागराज : प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय में बन रहा रोडवेज बस स्टेशन कब तक तैयार होगा, कहा नहीं जा सकता। परिवहन निगम को भी अभी इसकी सही जानकारी नहीं है। ऐसा निगम ने सूचना अधिकार अधिनियम के तहत सूचना उपलब्ध कराते हुए बताया है।
शहर में रोडवेज बस स्टेशन जर्जर हालत में था। न तो यात्रियों के बैठने की व्यवस्था थी, न बसों के लिए ही पर्याप्त जगह थी। दैनिक जागरण ने भटकते यात्रियों की समस्या को कई बार उभारा। इस पर विभाग की आंख खुली। नवंबर 2015 में बस स्टेशन का निर्माण शुरू हुआ। इसके लिए 2.21 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ। निर्माण कार्य नवंबर 2016 में पूरा हो जाना था, लेकिन बीच में विधान सभा चुनाव का बिगुल बज गया।
आचार संहिता लगने से निर्माण रुक गया। पैसा भी केवल 70 लाख रुपये ही पहली किश्त में मिल सका था।
इस वजह से यात्रियों की समस्या जहां की तहां रही। इसको फिर से जागरण ने उभारा तो बात शासन तक पहुंची। इसके बाद बजट जारी हुआ और कार्य में तेजी आई, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। यह एक महीने में बन जाएगा, छह महीने लगेंगे तय नहीं है। वैसे जितना कार्य हुआ है, उसे देखकर लगता है कि अभी इसमें और इंतजार करना पड़ेगा।
सूचना अधिकार अधिनियम के तहत दिए गए आवेदन के जवाब में एआरएम रोडवेज महेश चंद्र ने बताया है कि दो साल से निर्माण चल रहा है। इसमें अभी ठेकेदार ने और समय मांगा है। नए बस स्टेशन पर यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया होंगी।