जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
आखिर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को पारित ही हो गया। 51 में से 48 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।
प्रयागराज : जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को पारित हो गया। गुरुवार को मौजूद 51 सदस्यों में 48 ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इससे पहले गहमाहमी के बीच चर्चा चली।
अपर जिला जज की मौजूदगी में यह प्रक्रिया संपादित कराई गई। मौजूदा अध्यक्ष रेखा सिंह के खिलाफ भाजपा की ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल गुट ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। रेखा सिंह भी सरकार बदलने के बाद भाजपा में शामिल हो गई थीं, लेकिन उनकी सारी कोशिशों के बावजूद अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की कोशिशों के बावजूद स्थानीय भाजपा नेतृत्व इस मामले में सुलह करा पाने में विफल रहा।
इससे पहले सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष के पति अशोक सिंह के प्रवेश को लेकर हंगामा मचा। हालांकि पुलिस ने उनका पहचान पत्र देखने के बाद उन्हें मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी। जिला पंचायत में मौजूदा समय में कुल सदस्य संख्या 92 हैं।