Coronavirus से संक्रमित नौ नए मामले सामने आए, जिले में अब तक 55 मरीज Prayagraj News
जिले में एक साथ नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसमें एक महिला पडोसी जनपद प्रतापगढ की रहने वाली है। जबकि आठ मरीज जिले के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या 55 हो गई है।
प्रयागराज,जेएनएन। जनपद में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। बुधवार को कोरोना के नौ पाजिटिव मामले सामने आए हैं। खास बात तो यह है कि इसमें चार लोग एक ही परिवार के रहने वाले हैं। यह सभी मुंबई से लौटकर अपने घर आए हैं। एक साथ नौ मरीजों के मिलने के साथ विभाग की चिंंता बढ़ गई है।
कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ रही है। इसमें सबसे अधिक संख्या मुंबई से लौटने वालों की है।
कोरोना वायरस से संक्रमित चार लोग एक ही परिवार के
सरायममरेज क्षेत्र के पतवा जंघई के रहने वाले चार लोग पिछले दिनों मुंबई से आए थे। जो एक ही परिवार के रहने वाले हैं, यह लोग क्वारंटाइन में थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों की सैंपलिंग कराई तो बुधवार को इनकी रिपोर्ट पाजिटिव आ गई। इसमें 68 वर्षीय वृद्ध व उनके बेटे के साथ भाई व भाई के बेटे भी शामिल हैं। रिपोर्ट आने के बाद इन लोगों को तत्काल कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इसी तरह बहरिया के चकिया घमोल गांव के रहने वाले पति पत्नी भी मुंबई से आए हैं। दो दिन पहले इन दोनों को कालिंदीपुरम के क्वारंटाइन सेंटर में बुलाकर सैपंलिंग कराई गई और होम क्वारंटाइन में रहने के लिए घर भेज दिया गया था लेकिन इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसी तरह धनूपुर के महाराजगंज गांव के रहने वाले 27 वर्षीय युवक में भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह भी मुंबई से लौटे हैं। इनकी भी रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
मुंबई से लौटे प्रतापपुर के दो युवक भी कोरोना वायरस से संक्रमित
प्रतापपुर के रहने वाले दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई जो मुंबई से लौटे हैं। कोरोना वायरस नियंत्रण के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि जनपद में कोरोना के नौ पाजिटिव सामने आए हैं। यह सभी मुंबई सै लौटे हैं। इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नति कर क्वारंटाइन कराया जाएगा और उनकी सैंपलिंग कराई जाएगी।
सीएमओ ने की जनपदवासियों से अपील
- बाहर से आ रहे सभी प्रवासी कामगार 21 दिन होम क्वारंटाइन में रहेंं।
- सार्वजनिक स्थलों पर न थूकें।
- आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करें ताकि कोरोना संबंधित जानकारी से अपडेट रहें।
- घर से बाहर निकलने पर थ्री लेयर मॉस्क या गमछा लगाए।
- खांसते छींकते समय अपनी नाक और मुंह पर रुमाल या टिश्यू पेपर अवश्य लगाएं।
- खांसी या बुखार के लक्षण मिले या सांस लेने में तकलीफ हो तो स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं।
कोरोना कंट्रोल रूम
- 0532-2641577, 0532-2641578 व 7458825340