आरोपों की हकीकत खंगालने इलाहाबाद विश्वविद्यालय आ रही राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम Prayagraj News
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष समेत टीम प्रयागराज आएगी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लगे आरोप की जांच कर साक्ष्य जुटाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन व छात्राओं का पक्ष भी लेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम बुधवार की देर शाम तक शहर पहुंच जाएगी। टीम हॉस्टलों का निरीक्षण करने के अलावा छात्राओं से बातचीत करेगी। इसके बाद अगले दिन गुरुवार को इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) पहुंचेगी। वहां यौन उत्पीडऩ के आरोप में घिरे प्रोफसरों से भी पूछताछ किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस बार खुद आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा भी आएंगी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा ने की थी शिकायत
दरअसल, छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह ने दो दिसंबर को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा से नई दिल्ली में मुलाकात कर लिखित शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि इविवि के महिला हॉस्टल परिसर में कई वर्षों से निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार के लोग शाम छह बजे के बाद भी हॉस्टल में आते-जाते हैं और अश्लील हरकत करते हैं।
सपा की सांसद जया बच्चन ने राज्यसभा में उठाया था मसला
यह मसला सपा की सांसद जया बच्चन ने राज्यसभा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्र 'मोना' ने विधानसभा में उठाया था। इसके बाद 10 दिसंबर को राजुल बेन एल देसाई के नेतृत्व में आयोग की टीम इविवि पहुंची थी। टीम ने हॉस्टलों का निरीक्षण करने के साथ ऋचा समेत कुछ छात्राओं से बात की। इसके बाद इविवि प्रशासन से संपर्क किया। हालांकि, टीम उनके बर्ताव से नाखुश थी। टीम ने जांच के बाद केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को 200 पेज की अंतरिम रिपोर्ट भी सौंप दी। इसमें आरोपों को सही बताया गया।
आयोग अध्यक्ष से मिलकर आने का आग्रह किया था
ऋचा ने बताया कि उन्होंने दो बार पत्र लिखने के अलावा चार फरवरी को फिर आयोग अध्यक्ष से मिलकर इविवि आने का आग्रह किया। इस पर आयोग ने आश्वस्त करते हुए इविवि प्रशासन को पत्र लिखकर टीम के आने के बारे में जानकारी दी। टीम बुधवार की देर शाम तक शहर पहुंचेगी। अगले दिन गुरुवार को जांच के बाद शाम को वापस जाने की भी उम्मीद है।