नफीस अनवर महानगर और राम किशन गंगापार अध्यक्ष बने Prayagraj News
कमेटी ने करेली के रहने वाले नफीस अनवर को कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष पद से प्रमोट करते हुए महानगर अध्यक्ष बनाया है। नफीस तीन बार पार्षद रह चुके हैं।
प्रयागराज,जेएनएन । ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को प्रदेश के 30 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई। इसमें प्रयागराज महानगर की जिम्मेदारी नफीस अनवर और गंगापार की जिम्मेदारी राम किशन पटेल को सौंपी गई हैं।
कांग्रेस ने पहली बार प्रयागराज को तीन टुकड़ों में बांटकर तीन जिलाध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को अध्यक्षों की सूची जारी की। कमेटी ने करेली के रहने वाले नफीस अनवर को कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष पद से प्रमोट करते हुए महानगर अध्यक्ष बनाया है। नफीस तीन बार पार्षद रह चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2008 से 2011 तक यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रहे हैं। इसके अलावा हनुमानगंज के सराय लाहुरपुर के रहने वाले राम किशन पटेल को गंगापार अध्यक्ष बनाया है। करीब 18 वर्षों से पार्टी से जुड़े राम किशन राज्य कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। फिलहाल यमुनापार अध्यक्ष के नाम की घोषणा नहीं की गई है। चर्चा है कि जल्द ही यमुनापार के अध्यक्ष की भी घोषणा कर दी जाएगी।
अवधेश बने ब्रांच सेक्रेटरी
नॉर्थ सेंटर रेलवे कर्मचारी संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को झांसी में हुई थी। बैठक के दौरान कई पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। इसमें संगठन के इलाहाबाद शाखा का ब्रांच सेक्रेटरी अवधेश कुमार पांडेय को बनाया गया है। वही फतेहपुर में मातादीन को ब्रांच सेक्रेटरी बनाया गया है। संगठन के मंडल मंत्री श्याम सिंह भदौरिया ने बताया कि बैठक में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा छाया रहा। सभी कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की है। साथ ही कहा कि कुछ कर्मचारी संगठनों के नाम पर कर्मचारियों के वेतन से कटौती की जाती है, वह न की जाए। साथ ही कई और कर्मचारी हित के मामलों पर चर्चा हुई।