कत्ल की गुत्थी: मारे गए युवक की पत्नी व भाभी से पूछताछ, फरार भतीजा संदिग्ध
पुलिस ने शुरुआती जांच में कत्ल की इस घटना को आशनाई से जुड़ा माना है। उधर जितेंद्र के बड़े भाई महेंद्र का बेटा सूरज फरार है। पुलिस जितेंद्र की पत्नी और उसके बड़े भाई महेंद्र की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के चिलावां गांव के युवक की हत्या की घटना में पुलिस उसकी पत्नी व भाभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से उसका भतीजा फरार है। अब तक यह मामला सुलझ नहीं सका है लेकिन पुलिस को शक है कि अवैध रिश्ते के चलते कत्ल हुआ है।
तेरहवीं में शामिल होने गया था फिर मिली थी लाश
चिलावां गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ सुनील कुमार शुक्रवार की शाम पड़ोसी राम बहाल की तेरहवीं में शामिल होने गया था। इसके बाद फिर लौटकर घर नहीं आया। रात में ही खोजबीन शुरू करने पर उसकी लाश गांव के बाहर नाले में मिली थी। इस घटना में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को है संदेह, हत्या की वजह अवैध ताल्लुकात
पुलिस ने शुरुआती जांच में कत्ल की इस घटना को आशनाई से जुड़ा माना है। उधर, घटना के बाद से जितेंद्र के बड़े भाई महेंद्र का बेटा सूरज फरार है। वह बाइक भी छोड़ गया है। पुलिस जितेंद्र की पत्नी और उसके बड़े भाई महेंद्र की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूरज अपने ननिहाल बहरीपुर जौनपुर में रहता था, वहीं से तेरहवीं में शामिल होने आया था। इस बीच जितेंद्र के भाई रणजीत ने सूरज के खिलाफ नामजद तहरीर दी।एसओ सर्वेश सिंह का कहना कि आशनाई सहित कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जितेंद्र के भतीजे पर शक की सुई है क्योंकि घटना के बाद से वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। वह पकड़ में आएगा तो पूछताछ में सच सामने आ सकता है। मोबाइल फोन की काल डिटेल से भी कत्ल की गुत्थी सुलझाई जा रही है।