Murder in Prayagraj : शहर के धूमनगंज इलाके में मजदूर की चाकू मारकर हत्या
मजदूर रामकृष्ण कौशाम्बी के पश्चिम शरीरा का रहने वाला था। वह यहां दो साथियों के साथ राजा शुक्ला के निर्मानाधीन मकान में काम कर रहा था। रात में सोते समय किसी ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी।
प्रयागराज,जेएनएन। धूमनगंज थाना क्षेत्र के देवघाट झलवा इलाके में एक मजदूर की रॉड और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गुरुवार देर रात हुई। पुलिस मृतक के साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि किसने और क्यों मजदूर को मौत के घाट उतारा।
कौशांबी का रहने वाला था मजदूर
कौशांबी जनपद के पश्चिमशरीरा निवासी रामकृष्ण (30) देवघाट झलवा के रहने वाले राजा शुक्ला के निर्माणाधीन मकान में काम करता था। उसके साथ दो और मजदूर यहां लगे थे। काम खत्म करने के बाद वह यही रहते थे। गुरुवार रात सभी कमरे में सो रहे थे।
सोते समय राड और चाकू से हुआ हमला
देर रात सोते समय रामकृष्ण पर लोहे के राड और चाकू से हमला कर दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद उसके साथी एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार कर उसे वापस भेज दिया गया। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को पता चला कि मजदूर की मौत हो गई है। मजदूर की हत्या की बात फैली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कमरे में सो रहे थे दो अन्य साथी
एसपी सिटी दिनेश सिंह, सीओ और इंस्पेक्टर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मकान मालिक राजा शुक्ला से पूछताछ की। रामकृष्ण के साथ कमरे में सो रहे उसके दो साथियों से भी पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि अचानक रात को रामकृष्ण चिल्लाने लगा तो उनकी नींद खुली। उसे आननफानन में एंबुलेंस से अस्पताल ले गए और फिर इलाज कराकर वापस आ गए थे। सुबह उसने दम तोड़ दिया। उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता है। इसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
घरवालों ने किसी पर नहीं जताया शक
इंस्पेक्टर अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि रामकृष्ण के सिर में चोट लगी थी। मामले की जांच की जा रही है। हर बिंदु को खंगाला जा रहा है। उसके स्वजन भी सूचना पाकर थाने आए थे, लेकिन किसी पर कोई संदेह नहीं जताया। कोई तहरीर भी नहीं दी है। वहीं, लोगों का कहना है कि देर रात ही मजदूर की मौत हो गई थी। उसके साथियों ने यह बात छिपाए रखी और सुबह इसे बताया।