Double Murder in Prayagraj : ट्रक चालक ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी व बेटे की हत्या की, हमले में एक बेटा जख्मी है
Double Murder in Prayagraj कोरांव थाना क्षेत्र में युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने ही बेटे और पत्नी की हत्या कर दी। वहीं हमले में उसका एक बेटा जख्मी है।
प्रयागराज, जेएनएन। कलयुगी पिता ने अपने ही बच्चों और पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र की है। गुरुवार की रात पारिवारिक विवाद में युवक इतना आक्रोशित हो गया कि उसने पास रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी और दो बेटों पर वार कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तत्काल सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बेटे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मां और एक बेटे को भर्ती कराया गया। शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया है। वहीं जख्मी बेटे का उपचार हो रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। आरोपित युवक फरार है।
रात में पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था
कोरांव थाना क्षेत्र के बड़ोखर का रहने वाला पुष्पराज पुत्र फतेह बहादुर ट्रक चालक है। घर पर पुष्पराज अपनी 32 वर्षीय पत्नी सुनीता, 10 साल के बेटे रतन व सात वर्षीय बेटे राज के साथ रहता था। घर भी गांव से दूर खेत में बना हुआ है। गुरुवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़ा बढ़ा तो इससे नाराज पुष्पराज ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी व दोनों बेटों पर हमला कर दिया। सिर, हाथ व पैर में कुल्हाड़ी लगने से तीनों घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सुनीता, रतन व राज को लहूलुहान हाल में देख दंग रह गए।
ट्रक चालक की पत्नी व एक पुत्र एसआरएन अस्पताल में भर्ती
रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली। मौके पर कोरांव थाने की पुलिस के साथ ही एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा भी पहुंच गए। घायलों को पहले निकट के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुनीता और बड़े बेटे रतन को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की सुबह सुनीता ने भी दम तोड़ दिया। घटना के पीछे पुलिस पारिवारिक कारण मान रही है। पुष्पराज फरार है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है।