ऑनलाइन टैक्स जमा करने को 1.15 लाख लोगों को जाएगा संदेश Prayagraj News
लॉकडाउन समाप्त होने पर भी लोग बहुत ज्यादा घर से बाहर निकलना पसंद नहीं करेंगे। इसलिए नगर निगम अभी से ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए मुहिम चलाएगा।
प्रयागराज,जेएनएन। कोरोना वायरस की महामारी लंबे समय तक लोगों को परेशान करेगी। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद भी लोग मिलने-जुलने और सरकारी कार्यालयों में जाने से बचेंगे। इसलिए नगर निगम लोगों को ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। निगम में दर्ज 1.15 लाख भवन स्वामियों के मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा कि वह लोग अपनी सुविधा के लिए ऑनलाइन टैक्स जमा किया करें। इसे लेकर नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है।
नगर निगम की सीमा में है 2.15लाख मकान
नगर निगम की सीमा में दो लाख 15 हजार मकान हैं। इसमें से बड़ी मुश्किल से आठ से 10 प्रतिशत लोग ही अपना ऑनलाइन टैक्स जमा करते हैं। बाकी लोग नगर निगम के काउंटर या चेक के माध्यम से हाउस टैक्स जमा करते हैं। कोरोना वायरस के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। लॉकडाउन समाप्त होने पर भी लोग बहुत ज्यादा घर से बाहर निकलना पसंद नहीं करेंगे। इसलिए नगर निगम अभी से ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए मुहिम चलाएगा।
ऑनलाइन टैक्स जमा करने को जाएगा मोबाइल पर संदेश
नगर निगम के पोर्टल से लेकर लोगों के मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा कि वह ऑनलाइन टैक्स जमा करें। नगर निगम ने हाउस टैक्स जमा करने पर सितंबर तक छूट भी दी है। अब उसका भी प्रचार प्रचार किया जाएगा। 31 जुलाई तक हाउस टैक्स जमा करने वालों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। एक अगस्त से 31 अगस्त तक आठ प्रतिशत और एक सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक छह फीसद छूट का लाभ लोग उठा सकते हैं। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्र का कहना है कि हाउस टैक्स से नगर निगम के बहुत सारे खर्च चलते हैं। इसलिए लोगों को ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि नगर निगम के कार्यों में बाधा न आए। इसके अलावा निगम कर्मी घर जाकर भी लोगों से हाउस टैक्स जमा कराएंगे।