Municipal Corporation Prayagraj : निगम विस्तारित क्षेत्र में सुविधाएं मुहैया कराना चुनौती
Municipal Corporation Prayagraj सीमा विस्तारित क्षेत्र के पुनर्गठन से तीन नए जोन ट्रांसपोर्ट नगर नैनी और झूंसी बनाए गए। वार्डों का परिसीमन करते हुए 20 नए वार्ड भी बनाए गए हैं। इससे जोन की संख्या बढ़कर आठ और वार्ड की संख्या 100 हो गई है।
प्रयागराज,जेएनएन। नगर निगम प्रशासन ने निगम विस्तारित क्षेत्र का पुनर्गठन करते हुए जोनों और वार्डों की संख्या बढ़ा दिया लेकिन,विस्तारित क्षेत्र क्षेत्र में सफाई समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराना बड़ी चुनौती बन गई है। बजट के अभाव में सफाई एवं अन्य संसाधनों की कमी के कारण यह दिक्कत निगम के सामने पेश आ रही है।
पहले निगम में कुल 5 जोन खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, कटरा, अल्लापुर और नैनी एवं 80 वार्ड थे।
मगर, सीमा विस्तारित क्षेत्र के पुनर्गठन से तीन नए जोन ट्रांसपोर्ट नगर, नैनी और झूंसी बनाए गए। वार्डों का परिसीमन करते हुए 20 नए वार्ड भी बनाए गए हैं। इससे जोन की संख्या बढ़कर आठ और वार्ड की संख्या 100 हो गई है।
झूंसी जोन में निगम ने सफाई के साथ ही सड़क गली, नाली, खड़ंजा निर्माण की जिम्मेदारी पहले से उठा लिया था, क्योंकि झूंसी नगर पंचायत का बजट निगम कोष में ट्रांसफर हो गया था। लेकिन, निगम में शामिल 207 ग्राम पंचायतों में सुविधाएं मुहैया कराना निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। सफाई व्यवस्था के लिए न तो अभी निगम के पास उतने संसाधन है और न ही सड़क गली नाली खड़ंजा निर्माण के लिए निगम के पास बजट है। इसकी वजह से क्षेत्रों में अभी कोई काम शुरू नहीं किया जा सका है। अफसरों का कहना है कि बजट के लिए शासन से डिमांड की जा रही है। बजट स्वीकृत होने पर सफाई एवं विकास संबंधी अन्य काम कराए जाएंगे।
ठंड बढ़ी फिर भी अलाव नदारद
नगर निगम प्रशासन ने अलाव जलाने के लिए लकड़ी खरीदने के लिए टेंडर करीब 2 महीने पहले निकाल दिया था। इधर, ठंड भी बढ़ गई है फिर भी शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। इसको लेकर पार्षदों में नाराजगी भी है। पार्षदों ने पहले से चिन्हित स्थानों पर अलाव जल्द जलवाने की मांग की है।