Allahabad University के कुलाधिपति को मुंबई रत्न अवार्ड, मुंबई इंडियंस के भी सीईओ रहे हैं आशीष चौहान
आशीष चौहान को बीएसई की स्थिति में सुधार लाने और बेहद सफल आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आइपीओ) और मजबूत कारोबारी विस्तार का श्रेय जाता है। वह 2009 में बीएसई के डिप्टी सीईओ बने थे। दो नवंबर 2012 को पांच साल के लिए उन्हें बीएसई का प्रबंध निदेशक एवं सीईओ बनाया गया
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और बांबे स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष चौहान को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुंबई रत्न अवार्ड से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान मुंबई के राजभवन में दिया गया। खुद आशीष ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। इसके बाद से इविवि में भी बधाई का दौर शुरू हो गया है।
BSE की स्थिति में सुधार लाने का श्रेय
आशीष चौहान को बीएसई की स्थिति में सुधार लाने और बेहद सफल आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आइपीओ) और मजबूत कारोबारी विस्तार का श्रेय जाता है। वह 2009 में बीएसई के डिप्टी सीईओ बने थे। दो नवंबर 2012 को पांच साल के लिए उन्हें बीएसई का प्रबंध निदेशक एवं सीईओ बनाया गया था। इससे पहले एक्सचेंज के निदेशक मंडल ने दो नवंबर 2017 से एक नवंबर 2022 तक पांच साल के लिए चौहान के बीएसई के प्रबंध निदेशक व सीईओ पद पर पुन: नियुक्ति को मंजूरी दी थी।
आइपीएल क्रिकेट टीम मुंबई इंडियंस के CEO भी रहे
आशीष चौहान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के संस्थापक सदस्यों की टीम में भी थे। वह 1992 से 2000 तक एनएसई में रहे थे। वर्ष 2000 से 2009 वह रिलायंस समूह के प्रेसिडेंट एवं मुख्य सूचना अधिकारी रह चुके हैं। वह शुरुआती वर्षों में आइपीएल क्रिकेट टीम मुंबई इंडियंस के सीईओ भी रहे। बीएसई में उन्हेंं एशिया के सबसे पुराने एक्सचेंज की स्थिति सुधारने और उसे दुनिया का सबसे तेज एक्सचेंज बनाने का श्रेय जाता है।
इविवि प्रशासन ने कुलाधिपति को दी बधाई
इविवि प्रशासन ने भी इस उपलब्धि को इविवि से जोड़ते हुए देखा है। इसके बाद ट्विटर और फेसबुक पर बधाई दी है। इसके अलावा इविवि के छात्रों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है।