इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों की भर्ती के लिए सांसद ने लिखा पत्र Prayagraj News
इविवि में वर्तमान समय में कुल 850 पद अनुमोदित हैं। इनमें से 566 पद रिक्त हैं। साथ ही बचे हुए लगभग 300 शिक्षकों में से आधे अगले दो से चार वर्षों में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
प्रयागराज,जेएनएन : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों की भर्ती के लिए राज्यसभा सदस्य कुंवर रेवती रमण सिंह ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय को पत्र लिखा है। उन्होंने इविवि में रिक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पदों को भरने की मांग की है।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को भेजे गए पत्र में बताया है कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में वर्तमान समय में कुल 850 पद अनुमोदित हैं। इनमें से 566 पद रिक्त हैं। साथ ही बचे हुए लगभग 300 शिक्षकों में से आधे अगले दो से चार वर्षों में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी तरह 500 से अधिक कर्मचारियों के पद रिक्त हैं।
गेस्ट फैकल्टी के भरोसे चल रहे 11 विभाग :
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में 11 विभाग ऐसे हैं, जिसमें एक भी शिक्षक नहीं हैं। ये विभाग सिर्फ गेस्ट फैकल्टी के भरोसे चल रहे हैं। ऐसी स्थिति में विश्वविद्यालय के पठन-पाठन की गुणवत्ता क्या होगी, इसका अंदाजा स्वयं मंत्रालय लगा सकता है।
शीघ्र रिक्त पदों को भरने की मांग :
उन्होंने पत्र में स्पष्ट कहा कि किन परिस्थितियों में रिक्त पद नहीं भरे जा रहे यह तो नहीं बता सकते, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण विवि के पठन-पाठन की गुणवत्ता में हो रही गिरावट से प्रयागराज जनपद व पूर्वांचल के लोगों में असंतोष है। लगातार विश्वविद़यालय में शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। जब शिक्ष्ाक ही नहीं रहेंगे तो विश्वविद़यालय में पढाई कैसे होगी। यह सोचने का विषय है। उन्होंने मंत्रालय से शीघ्र रिक्त पदों को भरने की मांग की है।