प्रयागराज के लोगों के हितों को हमेशा समर्पित रहूंगी : सांसद रीता जोशी Prayagraj News
सांसद रीता जोशी अपने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर हुए कार्यक्रम में बोलीं कि उन्हें गर्व है कि वह प्रयागराज की बेटी व दीदी हैं। लोगों के हितों के प्रति समर्पण की बात कही।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह प्रयागराज वासियों की बेटी व दीदी हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की तरह जीवन की अंतिम श्वास तक प्रयागराज की जनता की हितों व विकास के प्रति समर्पित रहेंगी।
जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक संध्या व गोष्ठी का आयोजन
सांसद रीता जोशी अपने 70वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पथरचट्टी रामलीला कमेटी परिसर में लोगों को संबोधित कर रही थीं। उनके समर्थकों ने सांस्कृतिक संध्या तथा राष्ट्र निर्माण व मातृशक्ति विषयक गोष्ठी का आयोजन किया था। इस दौरान सांसद का पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों ने माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उनके दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। समर्थकों की शुभकामनाओं और अभिनंदन से आह्लादित सांसद डॉ. जोशी ने सबका आभार व्यक्त किया।
डॉ. रीता जोशी को नारी शक्ति का सशक्त उदाहरण बताया
मुख्य अतिथि सच्चा आश्रम के महंत गोपालजी महाराज व अध्यक्षता कर रहे जेएनयू में संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो. हरिराम मिश्र ने डॉ. रीता के व्यक्तित्व व कृतित्व की विभिन्न विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्हें नारी शक्ति का सशक्त उदाहरण बताया। समारोह में डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, प्रो. केबी पांडेय, राघवेंद्र मिश्र, अभिषेक शुक्ला, अवधेश गुप्ता, विधायक अजय कुमार, मानस शर्मा, शिवम तिवारी, अर्चना शुक्ला, नरेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं
सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने सर्किट हाउस में जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सतीश त्रिपाठी की दोनों किडनी फेल होने पर मुख्यमंत्री आवास पर तैनात अफसर से वार्ता की और आर्थिक मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मीडिया प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि 357 शिकायतें आईं, जिसमें 28 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।