मार्निंग वॉक पर निकली महिला को बदमाशों ने मारी गोली, जख्मी Prayagraj News
महिला के पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए और गोली मार कर भाग निकले। गोली नीलम के बायें हाथ में कोहनी के नीचे लगी और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पडी।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी के अरैल में मुरादपुर गांव में बुधवार भोर में मार्निंग वॉक पर निकली महिला को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली महिला के बायें हाथ में के नीचे लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पडी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे तो महिला लहूलुहान थी। वह इस कदर दहशत में थी कि कुछ बोल नहीं पा रही थी। सूचना पाकर अरैली चौकी प्रभारी और नैनी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। महिला को एसआरएन अस्पताल लाया गया। पुलिस तहरीर लेकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में गांव के ही कुछ लोगों से रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है।
महिला सहायता समूह की है संचालिका
नैनी में अरैली के मुरादपुर गांव का बाबू टाली चलाता है। उसकी चालीस वर्षीय पत्नी नीलम महिला सहायता समूह चलाती है। बुधवार की सुबह लगभग साढे पांच नीलम घर से मार्निंग वॉक पर जाने के लिए निकली थी। घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर पहुंची थी कि पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए और गोली मार कर भाग निकले। गोली नीलम के बायें हाथ में कोहनी के नीचे लगी और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पडी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी अरैली धीरेंद्र त्रिपाठी, इंस्पेक्टर अवन कुमार दीक्षित मौके पर पहुंच गए। महिला को इलाज के लिए एसआरएन लाया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि महिला स्वयं सहायता समूह चलाती है। इसमें उसका गांव के कुछ लोगों से पूर्व में पैसे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।