मंत्री सिद्धार्थनाथ बोले-चौड़ी होंगी हिम्मतगंज की गलियां, शहर पश्चिमी का हो रहा कायाकल्प Prayagraj News
यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बोले कि कार्यकर्ताओं की लगन से पश्चिमी क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के लघु-मध्यम, निवेश-निर्यात, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि यूनानी मेडिकल कॉलेज हिम्मतगंज के बगल की सकरी गलियां चौड़ी होंगी। गलियों को प्रयागराज विकास प्राधिकरण नया स्वरूप देगा। इससे काला हांडा, बेनीगंज, भावापुर, निहालपुर और करेली वासियों को आवागमन में सहूलियत होगी।
बोले, पार्टी कार्यकर्ताओं के लगन से ही शहर पश्चिमी क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह अपने आवास पर पार्टी के शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लगन से ही शहर पश्चिमी क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से कार्यों की सूची ली। कहा कि शहर पश्चिमी क्षेत्र में अभी कई और योजनाएं आने वाली हैैं।
पं. दीनदयाल की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनेगी : गणेश
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि भाजपा के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी को भाजपा कार्यकर्ता समर्पण दिवस के रूप में मनाएंगे। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री काशी प्रांत कमलेश कुमार, प्रेम नारायण केसरवानी, रामलोचन साहू, प्रेमलता श्रीवास्तव, दिनेश तिवारी मौजूद रहे।
समर्पण निधि होगी इकट्ठा
भाजपा महानगर प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी के नीति निर्धारक एवं मार्गदर्शक रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय के 52वें निर्वाण दिवस 11 फरवरी को सभी सेक्टरों में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपनी पार्टी के विकास के लिए कार्यकर्ता समर्पण निधि अर्पित करेंगे। मुख्य कार्यक्रम सुबह नौ बजे बालसन चौराहे पर होगा, जहां पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया जाएगा।