गुंडों की थी सपा सरकार, अब कानून का राज : नंदी
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा कि प्रदेश में गुंडों की थी सपा सरकार, अब कानून का राज है।
प्रयागराज : प्रदेश के स्टांप, न्यायालय शुल्क पंजीयन व नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने सपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि वह गुंडों की सरकार थी, अपराध चरम पर था। अब सूबे में सीएम योगी के राज में कानून का राज है। वह सोमवार को प्रतापगढ़ जिले में थे और कई कार्यक्रमों में भाग लिया। व्यापारियों से भी मुलाकात की।
कटरा रोड पर एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के उद्घाटन के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री नंदी ने कहा कि सपा सरकार से भाजपा सरकार बहुत अलग है। हमारी सरकार ने अपराधियों में कानून का भय पैदा किया है। यूपी में सपा-बसपा के गठबंधन की बात आई तो मंत्री नंदी ने कहा कि किसी केक की कटी एक स्लाइस की तरह हैं दोनों दल, जबकि भाजपा पूरा केक है।
राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। इसका निर्माण कानून के दायरे में रहकर होना चाहिए। हनुमान जी पर कोई टिप्पणी करने से उन्होंने इन्कार किया। मंत्री ने लखनऊ जाने से पहले चिलबिला में भाजयुमो नेता रवि गुप्ता के आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
व्यापारी भाइयों के परिजनों से मिले
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त कोहड़ौर स्थित व्यापारी भाई श्याम सुंदर जायसवाल व श्याम मूरत जायसवाल के घर पहुंचे। व्यापारी भाइयों को 25 जुलाई की रात बदमाशों ने गोरी मारकर हत्या कर दी थी। श्याम सुंदर की पत्नी गीता, श्याम मूरत की पत्नी ऊषा तथा उनके बच्चों को ढांढस बंधाया। पुलिस को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
मिलेगी मदद, बनेगा शस्त्र लाइसेंस
मंत्री नंदी ने गड़वारा बाजार आकर बीते दिनों लुटेरों की गोली से घायल लालजी ऊमरवैश्य का हालचाल लिया। उनकी मांग पर मंत्री ने शस्त्र लाइसेंस बनवाने व शासन से आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि गुप्ता, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, विनय जायसवाल, मदन लाल, आशुतोष तिवारी, व्यापारी नेता राजाराम वैश्य आदि रहे।
संगठन मंत्री ने सौंपा ज्ञापन
मंत्री नंदी को आंगनबाड़ी संघ की प्रदेश संगठन मंत्री रेखा शुक्ला ने ज्ञापन सौंपा। कहा कि आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाए जाए। उन्हें कर्मचारी का दर्जा दिया जाए व 2017 में प्रदर्शन को लेकर अक्टूबर और नवंबर माह के रोके गए मानदेय को भी दिलवाएं। इस पर मंत्री ने सीएम से बात करने का वादा किया।
परिवार के पोंछे आंसू
प्रदेश सरकार के मंत्री नंदी विश्वनाथगंज बाजार में अरङ्क्षवद कुमार वैश्य के घर गए। अरङ्क्षवद ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में आधा मकान तोड़ दिए जाने से मकान गिर गया था। इस हादसे में उसका बेटा गौरव जान गंवा बैठा था। अब तक संबंधित कंपनी से मुआवजा नहीं मिला। इस पर मंत्री ने शासन से मदद दिलाने की बात कही।