Loksabha चुनाव परिणाम आने के बाद एनसीआर में करीब 15 हजार पद भरेगा रेलवे
रेलवे में ग्रुप -सी और डी में खाली हो चुके सैकड़ों पदों को भरने की प्रक्रिया बीते वर्ष से चल रही है। इसके लिए आरआरबी इलाहाबाद ने 4762 पदों के लिए बीते वर्ष आवेदन मांगे थे।
प्रयागराज, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 का परिणाम आने के बाद रेलवे में भी करीब 15 हजार लोगों को भर्ती होने का मौका मिलेगा। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में ग्रुप -डी में 14,678 पद खाली हैं।
एनसीआर ने भर्ती के लिए 8732 पदों का इंडेंट (मांग पत्र) रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) और रेल भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) इलाहाबाद को भेजा है। उम्मीद है कि चुनाव परिणाम आने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। उत्तर मध्य रेलवे ने यह जानकारी आरटीआइ के जवाब में दी है।
रेलवे में ग्रुप -सी और डी में खाली हो चुके सैकड़ों पदों को भरने की प्रक्रिया बीते वर्ष से चल रही है। इसके लिए आरआरबी इलाहाबाद ने 4762 पदों के लिए बीते वर्ष आवेदन मांगे थे। उसकी शारीरिक क्षमता परीक्षा होने के बाद अभी दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षण हो रहा है। जून माह तक यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद इसका पैनल तैयार किया जाएगा।
संभावना है कि अगस्त माह से अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलना शुरू हो जाएगा। यह भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे फिर से ग्रुप -डी के लिए आवेदन पत्र मांगेगा। उसके लिए जोन कार्यालयों से इंडेंट मांग लिया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने आरटीआइ के माध्यम से जानकारी दी कि एनसीआर ने आरआरबी-आरआरसी इलाहाबाद को 8732 पदों को भरने का इंडेंट भेजा है। आरआरबी और आरआरसी उसके लिए आगे की प्रक्रिया करेगी। बाकी खाली पदों को भी भरने के लिए अभी से कवायद शुरू कर दी जाएगी, ताकि रेलवे में कर्मचारियों का टोटा न रहे। साथ ही रेल पटरियों की देखरेख और उसकी संरक्षा भी बढ़ सके।
आरआरसी इलाहाबाद के चेयरमैन विवेक प्रकाश का कहना है कि पिछले बीते वर्ष जो आवेदन पत्र मांगे गए थे, उसकी भर्ती प्रक्रिया जुलाई तक पूर्ण हो जाएगी। उसके पश्चात मंडल अपने स्तर पर नियुक्ति पत्र दे सकेंगे। इसके बाद जल्दी ही दूसरी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप