प्रतापगढ़ के मेडिकल कालेज में अगले सप्ताह से 24 घंटे मिलेगी पैथोलाजी में टेस्ट की सुविधा
राजकीय मेडिकल कालेज के प्रताप बहादुर अस्पताल आने वाले रोगियों के लिए राहत वाली खबर है। यहां पैथोलाजी की सुविधा अब 24 घंटे मिला करेगी। मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। इस सुविधा के मिलने पर मेडिकल कालेज सही मायने में संपूर्ण कहा जा सकेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ में राजकीय मेडिकल कालेज के प्रताप बहादुर अस्पताल आने वाले रोगियों के लिए राहत वाली खबर है। यहां पैथोलाजी की सुविधा अब 24 घंटे मिला करेगी। मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। इस सुविधा के मिलने पर मेडिकल कालेज सही मायने में संपूर्ण कहा जा सकेगा।
छह महीने पहले महिला और पुरुष अस्पताल की पैथोलाजी को एक कर दिया गया था। दोनों की जांच एक ही जगह होती है, केवल नमूने अलग-अलग अस्पतालों में एकत्र किए जाते हैं। अभी तक लैब का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक का है, लेकिन नमूने लेने का समय 12 बजे तक ही था। इस कारण दूर-दूर से आने वाले लोगों का पूरा दिन खराब हो जाता था। जरा सी देर हो जाने पर वह अपनी जांच के लिए नमूना नहीं दे पाते थे। अगर नमूना दे भी पाए तो रिपोर्ट के लिए अगले दिन आना पड़ता था।
जागरण ने कई बार प्रमुखता से उठाया इस समस्या को
इस समस्या को दैनिक जागरण ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसका मेडिकल कालेज प्रशासन ने संज्ञान लिया। दोनों लैब को मिलाकर सेंट्रल लैब की स्थापना कर दी गई। यहां पर थायराइड समेत कई प्रकार की नई जांच भी शुरू हो गई। इस व्यवस्था को 24 घंटे यानी दिन-रात किए जाने की तैयारी है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले सप्ताह से मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी। ऐसा होने पर दूर-दूर से आने वाले मरीजों को सुविधा होगी। वार्ड में भर्ती मरीजों की जांच के लिए जब भी नमूने की जरूरत पड़ेगी उनको बाहर की गैरपंजीकृत लैब पर नहीं जाना होगा। उनकी जांच अंदर ही हो जाएगी। पैसा व समय दोनों बचेगा। जांच भी भरोसेमंद होगी।
प्राचार्य का यह है कहना
दोनों अस्पतालों के सीएमएस, सभी चिकित्सकों व इमरजेंसी के डाक्टरों को पत्र दे दिया गया है। कहा गया है कि जैसे ही लैब 24 घंटे काम करने लगेगी वह मरीजों को सुविधा देंगे। कोई जांच बाहर के लिए नहीं भेजेंगे, नहीं तो कार्रवाई होगी।
-डा. आर्य देश दीपक, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कालेज