महुआ की डाल गिरने से विवाहिता की मौत
प्रतापगढ़ के गायघाट-चंदिकन मार्ग पर स्थित बंडा गांव में पेड़ की डाल गिरने से एक विवाहिता की मौत हो गई। वह अपनी मां और भतीजे के साथ गड़वारा बाजार आ रही थी। हादसे में अन्य दोनों भी जख्मी हुए।
इलाहाबाद : प्रतापगढ़ के गायघाट-चंदिकन मार्ग पर स्थित बंडा गांव में पेड़ की डाल गिरने से स्कूटी सवार विवाहिता की मौत हो गई। जबकि साथ रही मां, भतीजी, भतीजे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरे अंती (सिरखोरी) गांव निवासी शोभा देवी (30) पत्नी सुदेश मायके आई थी। शनिवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे वह अपनी मां कर्मा देवी (55) पत्नी बुधिराम, भतीजी शालू (14) पुत्री दिनेश व भतीजे समर पुत्र रमेश के साथ स्कूटी से गड़वारा बाजार आ रही थी। वह गायघाट-संडवा चंडिका मार्ग पर स्थित बंडा की बाग के पास पहुंची थी कि अचानक उस पर महुआ के पेड़ की मोटी डाल पर गिर पड़ी, उसके नीचे सभी लोग दब गए।
चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। शोभा की मौके पर मौत हो गई, जबकि कर्मा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शालू, समर को मामूली चोटें आई थी। शोभा, कर्मा को फौरन जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने शोभा देवी को मृत घोषित कर दिया। कर्मा देवी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
.
ससुराल से सुबह ही आई थी शोभा
सिरखोरी निवासी बुधिराम की बड़ी बेटी शोभा की शादी बरेली शहर में सुदेश के साथ हुई थी। शोभा एक माह पूर्व ससुराल गई थी। शनिवार को सुबह 10 बजे वह मायके आई थी। शाम को मां, भतीजे, भतीजी को स्कूटी पर बैठाकर बाजार जा रही थी और यह घटना घट गई। उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसे कोई संतान नहीं थी।