कोरांव में युवक की मौत पर बवाल, पथराव में सीओ, एसओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल Prayagraj News
युवक को मारपीट कर जख्मी कर दिया गया था। उसकी आज मौत से आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम किया। मेजा के सीओ एसओ मांडा व कुछ पुलिसकर्मी जख्मी हैं। इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी है।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव के युवक की मौत से लोग आक्रोशित हो उठे। शुक्रवार की दोपहर शव रख रास्ताजाम कर दिया। समझाने पहुंची पुलिस को लोगों ने ईंट-पत्थर फेंकते हुए दौड़ा लिया। इस दौरान सीओ समेत कुछ पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। उनके समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भागकर गांव के घरों में अपनी जान बचाई। बाद में भारी संख्या में पहुंची फोर्स ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पथराव से बचने के लिए पुलिसकर्मी वहां से भागे
लोगों के आक्रोश को शांत करने के लिए सीओ, एसओ व पुलिसकर्मी पहुंचे थे। घायल पुलिस वालों में सीओ मेजा सहीराम, एसओ मांडा प्रिंस दीक्षित व कुछ पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। वहीं एक महिला पुलिस कर्मी भी घायल हैं। अचानक पथराव ग्रामीणों ने शुरू कर दिया तो पुलिसवाले कुछ समझ नहीं सके। ईंट और पत्थर से बचने के लिए जिसे जिधर मौका मिला, उधर ही भागने लगा। फिलहाल पुलिसकर्मी गांव के घरों में छिपकर किसी प्रकार अपनी जान बचाई। मौके पर भारी संख्या में फोर्स बुलाई गई। लेकिन लोग आक्रोश है। बाद में एसएसपी भी मौके पर पहुंचे।
एसपी यमुनापार मृत युवक के परिजनों से की वार्ता
मामला शांत होने के बाद एसपी यमुनापार मृत रमेश के पिता अमरनाथ व परिजनों और क्षेत्र के मानिंद लोगों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्हें समझाने का प्रयास किया। साथ ही कानूनी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। इससे पूर्व जब आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम किया था तो सीओ मेजा और मांडा के एसओ समझाने पहुंचे थे। उनसे ग्रामीण उलझ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस टीम पर पथराव शुरू हो गया था।
दो दिन पहले पिटाई से युवक जख्मी हो गया था
कोरांव के सेमरिहा गांव के रमेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू 29 पुत्र अमरनाथ सिंह की दो दिन पहले कोरांव निवासी कुछ दबंगों ने पिटाई की थी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान अस्पताल में युवक की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। रमेश पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम व पुलिस पर पथराव किया
युवक की मौत से गांव के लोग आक्रोशित हो उठे। जानकारी होने पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए और युवक का शव कोरांव चौराहे पर रखकर रास्ताजाम कर दिया। लोगों का आक्रोश देखकर दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर मौके से हट गए। इधर सूचना पाकर कोरांव थाने की फोर्स लोगों को समझाने पहुंची। फोर्स के साथ सीओ कोरांव भी थे। पुलिस को देखते ही लोगों का गुस्सा बढ़ गया और पथराव करते हुए दौड़ा लिया।
किसी प्रकार पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। सीओ समेत कुछ पुलिसकर्मियों के जख्मी होने की भी सूचना है। फिलहाल पुलिसकर्मी गांव के घरों में छिपे हैं। सूचना पर वहां भारी संख्या में फोर्स बुला ली गई है। स्थिति काफी तनावपूर्ण है।