प्रयागराज में ठेकेदार बच्चा यादव की हत्या के मुख्य आरोपित फरार है, पुलिस दे रही दबिश
पुलिस ने राजेश यादव को अशोक नगर से गिरफ्तार किया। थाने लाकर राजेश से पूछताछ की गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि बच्चा ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का काम किया था और वही रुपये मांग रहा था। फरार मुख्य आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज शहर में अतरसुइया थाना क्षेत्र के बाबाजी का बाग निवासी ठेकेदार वीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव (40) मालवीय नगर में रहता था। उसकी दोस्ती चांदपुर सलोरी के महेंद्र यादव और अशोक नगर के राजेश यादव से थी। तीनों ने एक फर्म बना रखी थी और एक साथ नगर निगम में ठेकेदारी करते थे। बुधवार रात बच्चा की मेडिकल चौराहे के पास माडल शाप के बगल मेडिकल स्टोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपित की पुलिस को तलाश
मेडिकल चौराहे के पास बुधवार रात ठेकेदार बच्चा यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल व दो अन्य असलहे बरामद किए गए हैं। वहीं, मुख्य आरोपित महेंद्र यादव की तलाश में दबिश दी जा रही है। महेंद्र और राजेश यादव को नामजद किया गया था। पुलिस ने राजेश यादव को अशोक नगर से गिरफ्तार किया। थाने लाकर राजेश से पूछताछ की गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि बच्चा ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का काम किया था और वही रुपये मांग रहा था।
रुपये मांग रहा था, शराब के नशे में हुआ विवाद और गोली मारी
सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान का कहना है कि राजेश ने बताया कि बच्चा ने आरटीओ आफिस के पास एक करोड़ और गंगानगर कैंट में 50 लाख रुपये से अधिक का काम किया था। ठेका महेंद्र के नाम था लेकिन बच्चा यादव ने काम किया था। इसी रुपये को वह काफी दिनों से मांग रहा था। बुधवार रात शराब के नशे में इसी बात को लेकर विवाद हो गया और फिर महेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। सीओ का कहना है कि राजेश ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई थी।
छह गोली मारी गई थी, सिर में मारी गई तीन गोली आरपार हो गई थी
वीडियोग्राफी के बीच डाक्टरों ने बच्चा के शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें दो गोली सीने और एक पेट में फंसी मिली, जबकि सिर में मारी गई तीन गोली आरपार हो गई थी। डाक्टरों के मुताबिक सिर में गोली करीब से मारी गई थी।