यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Umesh Pal Case: माफिया अतीक के भाई अशरफ की ससुराल में छापा, शूटरों के छिपे होने की आशंका
उमेश पाल और उसके दो सरकारी गनर की हत्या में शूटरों की खोजबीन कर रही पुलिस की टीम ने माफिया ...और पढ़ें

प्रयागराज : विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या में शूटरों की खाक छान रही पुलिस टीम ने माफिया अतीक के भाई अशरफ की ससुराल में छापेमारी की। सर्च आपरेशन के दौरान ससुराल वालों की पुलिस से नोंकझोंक भी हो गई। घंटों चली तलाशी के बाद भी किसी को कोई सुराग नहीं मिल सका।
शूटरों की छिपे होने की आशंका
यहां शूटरों के कुछ करीबियों के छिपे होने की आशंका पर दबिश दी गई थी। हत्याकांड के 10 दिन बाद भी पुलिस और एसटीएफ की टीम वांछित शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसे में अतीक के बेटे असद सहित अन्य के करीबियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मोबाइल की मिली थी लोकेशन
बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली कि बरेली जेल में बंद माफिया अतीक के भाई अशरफ की ससुराल हटवा पूरामुफ्ती में कुछ लोग छिपे हो सकते हैं। कई संदिग्ध लोगों के मोबाइल की लोकेशन भी हटवा में मिली, जिस पर पुलिस की टीम ने रात को अचानक दबिश दी।
महिला और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक
सबसे पहले अशरफ के साले सद्दाम के घर पुलिस पहुंची। दरवाजा खुलवाने पर एक महिला निकली और उसने पुलिस से सर्च वारंट मांगा, इस पर पुलिस और महिला के बीच काफी नोंकझोंक हुई। हालांकि बाद में महिला पुलिस बुलवाकर पूरे घर में तलाशी ली गई।
पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग
सद्दाम के बाद कई और घर पर भी छापेमारी करते हुए करीबियों की खोजबीन की गई, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि अशरफ भी फरारी के दौरान अपनी ससुराल में लंबे समय तक छिपा था, जहां से उसकी गिरफ्तारी की गई थी।
