प्रतापगढ में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर दी जान Prayagraj News
दोनों चुपके से घर से निकले और फिर घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित आम के पेड़ की डाल पर एक ही रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ में कंधई थाना क्षेत्र के प्रगासपुर गांव में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दोनों के बीच था चाचा भतीजी का रिश्ता
कंधई थानाक्षेत्र के तेइस वर्षीय युवक का उन्नीस वर्षीय लडकी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजी लगते थे। वह दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन सामाजिक बंधन का हवाला देते हुए उनके स्वजन शादी करने को तैयार नहीं थे। लगातार जिद करने के बाद जब दोनों ने देखा कि उनके स्वजन शादी नहीं करने देंगे तो फिर दोनों ने जीवनलीला को समाप्त करने फैसला कर लिया।
रात में चुपके से निकले और लगा ली फांसी
इस बीच गुरुवार की रात दोनों चुपके से घर से निकले और फिर घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित आम के पेड़ की डाल पर एक ही रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह लगभग 6:00 बजे पेड़ की ओर गए ग्रामीणों ने दोनों को फांसी के फंदे से लटके देखा तो सन्न रह गए। फौरन इसकी जानकारी दोनों के स्वजनों को दी। स्वजन भागकर फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस बता रही आत्महत्या का मामला
सूचना मिलने पर कंधई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों के स्वजनों का कहना है कि गुरुवार की रात खाना खाने के बाद वे सोने चले गए थे। सुबह चारपाई पर नहीं दिखे तो खोजबीन शुरू की गई। घर से कुछ दूर पर दोनों का शव पेड़ से फांसी के फंदे से लटका मिला। एसओ कंधई विपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमी प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है । प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। फिर भी जांच की जा रही है।