प्रतापगढ़ में युवती ने पहले दी दुष्कर्म की तहरीर फिर रचाई शादी
युवती ने प्रेमी के खिलाफ देवसरा थाने में दुष्कर्म की तहरीर दे दी। वह शुक्रवार की सुबह ही थाने पर आकर बैठ गई। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।
प्रतापगढ़,जेएनएन। जिले के आसपुर देवसरा थाना परिसर का माहौल शुक्रवार की रात को अलग था। पुलिस वाले एक प्रेमी जोड़े की शादी रचाने में व्यस्त थे। मानों उन्हीं की बेटी उनसे विदा होकर जा रही हो। पुलिसकर्मियों ने दोनों को उपहार भी भेंट किया और साथ में दोनों को नसीहत भी दी। जीवन में कभी भी एक-दूसरे का साथ छोड़कर ना जाएंगे।
घरवालों ने प्रेमी युगल पर लगाई पाबंदी, प्रेमिका ने दी प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के केवटली गांव के राजेश कुमार का इसी थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव की कंचन से मधुर संबंध था। दोनों चोरी-चोरी मिलते थे। इनकी प्रेम कहानी की गांव में चर्चा होने लगी तो स्वजनों को जानकारी हुई। दोनों पर प्रतिबंध लगने शुरू हो गए। वहीं इस मामले में अचानक मोड़ उस समय आ गया जब युवती ने प्रेमी के खिलाफ देवसरा थाने में दुष्कर्म की तहरीर दे दी। वह शुक्रवार की सुबह ही थाने पर आकर बैठ गई। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। पुलिस ने पहले उसे बहुत समझाया, मगर उसके ना मानने पर पुलिस ने युवक को धर दबोचा।
पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाकर समझाया तो बन गई बात
पुलिस ने दोनों परिवार की छीछालेदर और दो जिंदगी को बर्बाद होते देख दोनों के रिश्तेदारों को थाने में बुलाया। उन्हें भविष्य की बेहतरी के लिए दोनों की शादी के लिए राजी कर लिया। राजेश और कंचन भी एक साथ रहने को राजी थे। रिश्तेदारों के समझाने पर स्वजन भी शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद देवसरा एसओ सुनील कुमार सिंह ने थाने के सामने बने चबूतरे पर राजेश व कंचन के गले में वरमाला डलवाई। हालांकि रात के आठ बज चुके थे। इस विवाह में ग्राम प्रधान केवटली व एसओ ने विवाहित जोड़े को दान और आशीर्वाद दिया। मौके पर उपस्थित लोगों को पुलिस ने मिठाईयां बांटकर खुशी जतायी। इसके बाद दोनों को हंसी-खुशी विदा किया गया।