नेताओं ने घर पहुंचकर जताई संवेदना, दिलाया न्याय का भरोसा
प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र के फत्तूपुर में हुए प्रतिमा यादव हत्याकांड के बाद नेताओं ने घर जाकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। साथ ही न्याय का भरोसा दिलाया।
इलाहाबाद : प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र के फत्तूपुर में हुए प्रतिमा यादव हत्याकांड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हत्याकांड के बाद से गांव में नेताओं का आना जाना शुरू हो गया है। घटना के आठवें दिन भी परिजनों में आक्रोश रहा। रविवार को बहुजन समाज पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल जिला प्रभारी कमलेश विश्वकर्मा व पूर्व जिलाध्यक्ष लालचंद्र गौतम की अगुवाई में उसके घर पहुंचा और संवेदना जताते हुए घटना की बावत परिजनों से जानकारी ली। बसपा नेताओं ने कहाकि घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी सीबीसीआइडी जांच होनी चाहिए। इसके लिए सोमवार को डीएम से मिलकर मांग करने की बात कही। इस दौरान मृतका के पिता सुधाकर यादव को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कौशांबी सांसद विनोद सोनकर भी अपने काफिले के साथ पीड़ित परिजनों के घर पहुंचे। सांसद को देख प्रतिमा की मां सुनीता देवी रोने बिलखने लगी। सांसद ने परिजनों से घटना की ¨बदुवार जानकारी ली और हर संभव मदद के साथ ही न्याय का भरोसा दिलाया। मौके पर मौजूद सीओ लालगंज ओम प्रकाश दुबे व प्रभारी एसओ राम जन्म पांडेय से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। जिसके बाद एसपी से वार्ता कर स्लाइड रिपोर्ट की जानकारी ली। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि न होने पर दूसरे लैब में स्लाइड की जांच कराए जाने का निर्देश दिया। बीते 14 जुलाई की शाम बाघराय थाना क्षेत्र फत्तूपुर गांव निवासी प्रतिमा यादव (16) पुत्री सुधाकर यादव घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस लौटकर नहीं आई। उसकी हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया था। इससे आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने जेठवारा लालगोपालगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा तो एसओ बाघराय सियाराम वर्मा व एसपी को निलंबित करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपित के परिजन फर्जी तरीके से जेल भेजने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं घटना के बाद से गांव में नेताओं का आना जाना शुरू हो गया है। इसके बाद सांसद केवल का पुरवा पहुंचे। जहां पर पूर्व प्रधान हरिश्चंद्र की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। उनका आरोप था कि मामले में जिन तीन लोगों को जेल भेजा गया है। वह लोग बेकसूर है। उन्हें फर्जी फंसाया जा रहा है। ऐसे में मामले की जांच विशेष जांच एजेंसी से कराई जाए। इस पर सांसद ने कहाकि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। आप लोग शासन प्रशासन का सहयोग करे। इस मौके पर मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पांडेय, उमेश पांडेय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री पवन गौतम, बृज किशोर तिवारी, उदय शंकर पांडेय, अखिलेश दुबे, वेद प्रकाश समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके पूर्व शनिवार को पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई की अगुवाई में सपा का एक प्रतिनिधि मंडल गांव पहुंचकर घटना की जानकारी लेते परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया था।