पंजाब के चीता पहलवान को पटखनी दे यूपी के किशन केशरी ने जीती अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता
दंगल में प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से आए नामी गिरामी पहलवानों ने हैरतअंगेज दांव पेंच से खेल प्रेमियों का मनोरंजन किया। उत्तर प्रदेश के केशरी किशन पहलवान विजेता बने।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापपुर के बेलौ में अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश के केशरी किशन पहलवान और शेरे पंजाब चीता पहलवान के बीच हुआ। इसमें केशरी किशन ने अपने दांव से चीता पहलवान को पटखनी दी। इस प्रकार विजेता बनने का उन्हें गौरव हासिल हुआ। विजेता को शील्ड के साथ 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वही अन्य विजेताओ को भी आयोजक मंडल सहित अन्य लोगो के द्वारा प्रोत्साहन राशि देकर पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
दंगल प्रतियोगिता में आए पहलवानों ने खेल प्रेमियों का मनोरंजन किया
स्व. श्रीनाथ यादव के पुण्यतिथि के तत्वावधान में आयोजित कुश्ती दंगल के प्रारंभ में जूनियर वर्ग के पहलवान गजराज केराकत जौनुपर व जाहिद प्रतापपुर के बीच कुश्ती हुई। इसके बाद एक एक कर चैंपियन समेत, कुल 26 जोड़ी पहलवानों ने कुश्ती की कला तथा तरह-तरह के दांव की जोर अजमाइश की। दंगल में प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से आए नामी गिरामी पहलवानों ने हैरतअंगेज दांव पेंच से खेल प्रेमियों का मनोरंजन किया। साथ ही विरोधियों को चित किया। कुश्ती दंगल में महिला पहलवानों की दांव-पेंच को भी दर्शकों ने सराहा।
विधान परिषद सदस्य ने विजेताओं को पुरस्कृत किया
इस अवसर पर मौजूद विधान परिषद सदस्य रामवृक्ष यादव ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ी को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारत का प्राचीन खेल है। इस खेल के प्रति लोगों का रुझान होना चाहिए। प्रतियोगिता का संचालन जौनपुर के नीरज पहलवान ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अशोक चेतरा, नसीरूददीन राइन, रवीन्द्र यादव, अनीता श्रीवास्तव, इरश्याद चौधरी,बबऊ ङ्क्षसह, राम सुमेर पाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।