राष्ट्रहित में वोट डालने की अपील कर रहे किन्नर संन्यासी
किन्नर अखाड़े ने पहले राष्ट्र फिर धर्म उसके बाद हम को बनाया मूलमंत्र बनाया है। अब इस अखाड़े से जुड़े संन्यासी मतदाता जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
शरद द्विवेदी, प्रयागराज : इनका न कोई परिवार है, न कोई रिश्ता-नाता। सदियों से उपेक्षा का दंश झेलते आए हैं। इधर उपदेवता का विशेषण मिलने के बाद स्थिति बदली तो समाज में सम्मान मिलने लगा। इससे वह राष्ट्रहित में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए आ गए। यह नेक काम कर रहे हैं किन्नर अखाड़ा से जुड़े संन्यासी। उनका मूलमंत्र है 'पहले राष्ट्र, फिर धर्म उसके बाद हम'। इसी संकल्पना को साकार करने के लिए राष्ट्रहित में वोट डालने की अपील कर रहे हैं।
बदली सी है किन्नर संन्यासियों की दिनचर्या
किन्नर संन्यासियों की दिनचर्या इन दिनों बदली सी है। वह पहले की तरह सुबह यजमानों से मिलने घर से निकल पड़ते हैं। घरों व दुकानों में दस्तक देकर पैसा लेने से पहले वोट मांगते हैं। यजमानों को वोट डालने का संकल्प दिलाने के बाद ही दूसरी बात करते हैं। किन्नर अखाड़ा के प्रयागराज पीठाधीश्वर टीना मां के नेतृत्व में पखवारे भर से यह मुहिम चल रही है। वह लोगों से कह रहे हैं कि 12 मई को अपने पसंदीदा नेता के पक्ष में जरूर वोट करें। किन्नर अखाड़ा में प्रयागराज उत्तरी प्रांत के पीठाधीश्वर मोना मां के नेतृत्व में भी उनके शिष्य मतदान के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
बताया जा रहा वोट का महत्व
टीना वोट को प्रत्येक व्यक्ति के लिए लोकतंत्र का सबसे बड़ा हथियार बताते हैं। कहते हैं कि अपने वोट के जरिए आप बड़े से बड़े रसूखदार व्यक्ति को उसकी हैसियत दिखा सकते हैं। इसका प्रयोग न करना आत्महत्या जैसा महापाप है, जिससे बचने की जरूरत है।
किसी दल से नहीं है वास्ता
किन्नर संन्यासियों का किसी राजनीतिक दल विशेष से वास्ता नहीं है। कहते हैं कि मतदाता अपनी पसंद के दल उम्मीदवार को वोट दें। बस लोग मतदान जरूर करें। हमारे वोट से राष्ट्र की तकदीर लिखी जाती है, इसलिए सबको भाग लेना चाहिए।
किन्नर अखाड़ा की पीठाधीश्वर टीना मां बोलीं
किन्नर अखाड़ा प्रयागराज की पीठाधीश्वर टीना मां का कहना है कि हम संन्यासी हैं। पूरा राष्ट्र हमारा परिवार है। राष्ट्र का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। मतदान के प्रति जागरूकता अभियान उसी के तहत कर रहे हैं। आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी की प्रेरणा में यह मुहिम चल रही है।
...तभी लोकतंत्र मजबूत होगा : मोना मां
किन्नर अखाड़ा, प्रयागराज उत्तरी प्रांत की पीठाधीश्वर मोना मां ने कहा कि हम लोगों को सनातन धर्म से जोड़कर उनका कृतित्व-व्यक्तित्व बदलने को प्रेरित करते हैं। ईवीएम में जितना वोट पड़ेगा, लोकतंत्र को उतनी मजबूती मिलेगी। हमें खुशी है कि पहली बार राष्ट्रहित में सार्थक मुहिम चला रहे हैं।