प्रतापगढ़ में अगवा बालिका बरामद, दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल
प्रतापगढ़ में बालिका का अपहरण करने वाले दो आरोपित पकड़े गए। बालिका सकुशल मिली। प्रेमी को सबक सिखाने और उसे शादी करने को मजबूर करने के लिए एक खौफनाक साजिश रची गई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जनपद में सात वर्षीय बालिका का अपहरण करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आसपुर देवसरा थाने की पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों अपहर्ताओं को जेल भेज दिया। सोमवार की देर रात आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बरचौली गांव से बालिका का अपहरण किया गया था।
प्यार पाने को प्रेमिका ने प्रेमी की भांजी को किया था अगवा
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बरचौली गांव निवासी श्यामजी चौरसिया का बेटा सदानंद जिला मुख्यालय स्थित राजकीय आइटीआइ कालेज में वर्ष 2019 में पढ़ाई कर रहा था। उसी कालेज में सरिता सरोज पुत्री विमलेश सरोज निवासी देवघर कमासिन थाना रानीगंज भी पढ़ती थी। पढ़ाई के दौरान दोनों में प्यार हो गया। श्याम जी चौरसिया के अनुसार उसी दौरान किसी न किसी काम से सरिता सदानंद के घर आने-जाने लगी। एक दिन उसने सदानंद से शादी करने की बात कही, लेकिन सदानंद ने इन्कार कर दिया। इस पर सरिता ने सदानंद व पूरे परिवार को जान से मारने और बर्बाद करने की धमकी दी। इस बीच उसने प्रेमी को सबक सिखाने और उसे शादी करने को मजबूर करने के लिए एक खौफनाक साजिश रच डाली।
ननिहाल में रह रही थी बालिका
सदानंद की बहन बिंदू देवी पत्नी राजाराम निवासी बरूआ थाना लंभुआ जिला सुलतानपुर की सात साल की बेटी आभा बचपन से ही ननिहाल में रहती है। आभा अपनी नानी शकुंतला के पास सोमवार की रात सो रही थी। सदानंद के पिता श्यामजी चौरसिया का आरोप है कि सोमवार रात 10 बजे सरिता मुंह बांधकर पहुंची और उनकी नातिन आभा को अगवा करके भाग गई। श्यामजी ने फौरन बच्ची के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। रात में ही सैफाबाद चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह, एसओ व सीओ अभिषेक प्रताप फौरन मौके पर पहुंचे।
...बच्ची की कुशलता चाहते हैं तो सदानंद उससे शादी कर ले
इस बीच सरिता ने सदानंद के स्वजनों को फोन किया कि अगर बच्ची की कुशलता चाहते हैं तो सदानंद उससे शादी कर ले। इसकी जानकारी श्यामजी ने पुलिस को दी। पुलिस ने फौरन सरिता का मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया। वह अपने घर पर भी नहीं मिली। पुलिस को रात सरिता की आखिरी लोकेशन देल्हूपुर में मिली। इस मामले में श्यामजी चौरसिया की तहरीर पर पुलिस ने सरिता के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।