पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की जयंती पर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
तीनों प्रमुख राज्यों में हार से हताश कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना पार्टी के पदाधिकारियों के लिए चुनौती बन गया है।
प्रयागराज : तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में पराजय से हताश भाजपाइयों में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर नया जोश भरने की तैयारी की गई है। इसके लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 1252 बूथों पर सुशासन दिवस मनाया जाएगा।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार से भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा है। अगले वर्ष लोकसभा चुनाव होने हैं और इसमें अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। ऐसे में तीनों प्रमुख राज्यों में हार से हताश कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना पार्टी के पदाधिकारियों के लिए चुनौती बन गया है।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी एवं शहर पश्चिमी विधानसभा के 1252 बूथों पर होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कराए जा रहे कायरें एवं उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। पार्टी के मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि बूथों समेत महानगर कार्यालय पर शाम पांच बजे कार्यक्रम होगा। अटल स्मृति सम्मान समारोह आज :
भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से अटल स्मृति सम्मान समारोह का आयोजन रामबाग स्थित पथरचंट्टी रामलीला मैदान में किया गया है। इस मौके पर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम भी होंगे। यह निर्णय सोमवार को प्रकोष्ठ की बैठक में लिया गया। सुशासन दिवस के रूप में मनेगी वाजपेयी की जयंती :
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाएगी। एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि पूर्व पीएम के जयंती समारोह पर सुशासन दिवस एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में सुशासन दिवस का आयोजन होगा।