चंद्रशेखर डिग्री कॉलेज व सरस्वती संगीतालय बना संयुक्त विजेता
प्रतियोगिता में चंद्रशेखर डिग्री कॉलेज व सरस्वती संगीतालय को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। उन्हें पुरस्कृत किया गया।
प्रयागराज : विकास खंड फूलपुर मीरा देवी जनकल्याण सेवा समिति अहियापुर ने सामूहिक नृत्य और नाट्य कला प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें चंद्रशेखर डिग्री कॉलेज व सरस्वती संगीतालय के विद्यार्थी संयुक्त विजेता बने। विजेताओं को आयोजक मंडल ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान पर बालाजी इंस्टीट्यूट व मैना देवी इंटर कॉलेज तथा तृतीय स्थान पर जवाहर लाल मौर्य इंटर कॉलेज फूलपुर व राजा मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थी रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक राजनारायण यादव ने कहा कि नाट्य, संगीत हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। विशिष्ट अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री अमरनाथ यादव, अनिल मौर्य उपस्थित रहे। अध्यक्षता भाजपा के वरुणा मंडल अध्यक्ष दिलीप यादव व संचालन पूजा यादव ने किया। रमाशंकर पटेल, कमलेश पटेल, शारदा पटेल, बच्चा विश्वकर्मा, संतोष, जय चंद्र आदि मौजूद रहे।
एमबीए प्रथम वर्ष बना ओवरऑल चैंपियन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मोनिरबा में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम काग्निशन-2019 का आयोजन किया गया। इसमें हुई विविध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। बेहतर प्रदर्शन के लिए एमबीए प्रथम वर्ष को ओवरआल चैंपियन का खिताब प्रदान किया गया। वाद-विवाद और इम्प्रोम्प्टु प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष के आलोक तिवारी ने बाजी मारी। द्वितीय वर्ष की प्रिया और अब्दुल ने बिजनेस प्लान में पहला स्थान अर्जित किया। ऐड मेनिया में द्वितीय वर्ष की अनुश्री और उनकी टीम ने लिपिस्टक थीम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रो. अजय सिंघल ने एमबीए प्रथम वर्ष को ओवरआल चैंपियन घोषित किया।