उत्तर प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेगी जदयू
अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में आयोजित जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व सांसद व प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी को प्रदेश में जनाधार मिला तो बिहार की तर्ज पर यूपी में भी शराब बंदी कराई जाएगी।
इलाहाबाद : जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व सांसद व प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी यूपी में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। जदयू का केंद्र बिंदु पूर्वाचल रहेगा। अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में आयोजित जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को प्रदेश में जनाधार मिला तो बिहार की तर्ज पर यूपी में भी शराब बंदी कराई जाएगी।
उन्होंने बैठक में कहा कि बिहार में जो जंगलराज था, वह मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने खत्म कर दिया है। अब बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बिहार में शराब बंदी करके एक मिशाल पेश की। अब पार्टी विस्तार कर रही है। अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी का पूरा फोकस यूपी में रहेगा। खासकर उन जिलों पर, जो बिहार की सीमा से सटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी निर्णायक की भूमिका में रहेगी। पार्टी पूरे यूपी में चुनाव लड़ेगी। फोकस पूर्वाचल रहेगा। जदयू के किसी पार्टी से गठबंधन करने या न करने का निर्णय पार्टी के आलाकमान करेंगे। कहा कि उनकी पार्टी विकासपरक है। महिलाओं को उनका हक मिले, युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए पार्टी दृढ़ संकल्पित है। इसी रणनीति को लेकर पार्टी मैदान में उतरेगी। जदयू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि जिस प्रकार पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने बिहार में काम किया, उसी प्रकार यूपी में काम करने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष आरपी चौधरी ने कहा कि पार्टी मंडल स्तर पर कार्यक्रम करके पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराएगी। दिसंबर में लखनऊ में किसानों का बड़ा सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार शामिल होंगे। इसके लिए अभी से तैयारियां चल रही हैं।