कौशांबी के कोखराज में दुष्कर्म के बाद मासूम बालिका की हत्या, रिश्ते के चाचा पर आरोप Prayagraj News
मासूम के पिता के मुताबिक उनकी बेटी गुरुवार की शाम करीब छह बजे खेलने के बाहर निकली थी। उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसकी खेत में रक्तरंजित लाश मिली।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद मासूम बालिका की हत्या की खबर है। सपेरे के छह वर्षीय पुत्री की लाश गुरुवार की रात्रि करीब 12 बजे दिल्ली-कोलकाता रेलमार्ग पर स्थित सुजातपुर रेलवे स्टेशन के निकट एक खेत से बरामद हुई। मासूम के संवेदनशील अंग खून से सना हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पुलिस शव को कब्जे में लेकर ऐसा घृणित कृतित्व करने वाले आरोपित की तलाश कर रही है। बालिका के पिता ने रिश्ते के चाचा पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। वह भी कल शाम से लापता है।
कानपुर देहार के शिवली का रहने वाला है सपेरा
कानपुर देहात जिले के थाना शिवली का रहने वाला एक सपेरा अपने परिवार के साथ लगभग एक पखवाड़े पूर्व कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव के दक्षिण छोर पर तिरपाल से अस्थायी घर बनाकर रह रहा है। परिवार के लोग सांप का खेल दिखाने व पकड़ने का काम करते हैं। मासूम के पिता के मुताबिक उनकी बेटी गुरुवार की शाम करीब छह बजे खेलने के बाहर निकली थी। उसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
सुजातपुर रेलवे स्टेशन के पास खेत में मिली लाश
जब काफी देर तक बालिका वापस नहीं आई तो परिवार के लोग परेशान हो गए। मासूम के पिता समेत अन्य स्वजन बालिका को खोजने लगे। पहले उसे गांव में खोजा गया, जब वह नहीं मिली तो खोजते-खोजते सभी सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। इस पर वहां के एक कर्मचारी ने मामले की पुलिस को सूचना दी। रात्रि करीब 10 बजे कोखराज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। दो घंटे की छानबीन और तलाश के बाद मासूम बालिका का शव स्टेशन से करीब 600 मीटर की दूरी पर एक अरहर के खेत से बरामद हुआ।
बालिका के संवेदनशील अंग खून से सने थे, आरोपित फरार
बालिका के संवेदनशील अंग खून से सने हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। इस संबंध में मासूम के पिता ने रिश्ते में मासूम बालिका के चाचा पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रिश्ते का चाचा भी गुरुवार की शाम उसी समय से गायब है। पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।