कश्मीर की जेलों में बंद कैदी नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किए गए Prayagraj News
कश्मीर के जेलों में बंद कैदियों को नैनी सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया है। उन्हें रविवार की दोपहर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाया गया। जेल में अधिकारियों की बैठक चल रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। कश्मीर की जेलों में बंद कैदियों को रविवार की दोपहर प्रयागराज लाए गए। इनकी संख्या दो दर्जन से ज्यादा बताई जा रही है। कड़ी सुरक्षा में लाए गए इन कैदियों को नैनी सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया है। इस दौरान जिले के प्रशासनिक और पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। साथ ही कश्मीर की पुलिस भी थी। फिलहाल इस समय जेल में अधिकारियों की मीटिंग चल रही है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वाहनों से लाए गए कश्मीरी जेल के कैदी
उल्लेखनीय है कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया गया है। इसके बाद से वहां काफी कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इससे पहले कश्मीर की जेलों से कुछ कैदियों को आगरा की जेल में शिफ्ट किया गया था। इधर कश्मीर के विभिन्न जेलों में बंद दो दर्जन से अधिक कैदियों को रविवार की दोपहर में प्रयागराज लाया गया। उन्हें वाहनों से कड़ी सुरक्षा के बीच नैनी सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया।
डीएम और एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे
इस दौरान प्रयागराज के डीएम और एसएसपी के साथ प्रशासनिक और पुलिस के तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे। शिफ्टिंग के समय जेल के बाहर और अंदर कई थानों की फोर्स मौजूद थी। फिलहाल इस संबंध में जेल के जिम्मेदार अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। विवरण की प्रतीक्षा है। जेल के अंदर अधिकारियों की बैठक हो रही है। सूत्रों की मानें तो विशेष विमान से जम्मू कश्मीर के कैदियों को यहां लाया गया है। सेंट्रल जेल के बाहर बैरियर के साथ-साथ गेट के आसपास और चहारदीवारी के आसपास पुलिस की ड्यूटी लगाई जा सकती है।
नैनी जेल की बढ़ाई जाएगी सतर्कता
जम्मू कश्मीर के कैदियों को नैनी सेंट्रल जेल में लाने के बाद सतर्कता अधिक बढ़ गई है। माना जा रहा है कि जम्मू- कश्मीर से यहां शिफ्ट किये गए बंदियों को जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में रखा जाएगा। वहीं सेंट्रल जेल के बाहर भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप