Naini Central Jail : नैनी जेल में हुई थी मारपीट, घायल बंदी की अस्पताल में मौत Prayagraj News
नैनी जेल में मारपीट के दौरान बंदी अरविंद पासी ने शौचालय की ईंट उखाड़कर ज्ञान सिंह के सिर पर वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। केंद्रीय कारागार के सर्किल पांच में वर्चस्व को लेकर दो दिन पहले बंदियों के बीच हुई मारपीट में घायल बंदी की शुक्रवार की देर रात मौत हो गई। गंभीर हालत में जेल प्रशासन ने एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम होने के बाद शनिवार को अपराह्न तीन बजे ज्ञान सिंह का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले की जांच की जा रही है।
यह था पूरा मामला
जेल के सर्किल संख्या पांच में बंद घूरपुर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव निवासी अरविंद पासी पुत्र जगदेव को 19 फरवरी 2019 को नैनी जेल में निरुद्ध किया गया था। उसी सर्किल में कौंधियारा थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी ज्ञान सिंह पुत्र स्व. राम बहादुर सिंह को सात जून 2019 को जेल में निरुद्ध किया गया था। अरविंद और ज्ञान सिंह के बीच पिछले कई दिनों से वर्चस्व को लेकर खुन्नस चल रही थी। जिसे लेकर कई बार दोनों आपस में भिड़ चुके थे लेकिन जेल प्रशासन हर बार उनकी इस हरकत को नजरअंदाज कर रहा। गुरुवार दोपहर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। एक दूसरे को लात घूंसे से पीटने लगे। उसी दौरान अरविंद पासी ने शौचालय की ईंट उखाड़कर ज्ञान सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मारपीट के मामले की रिपोर्ट नैनी में दर्ज कराई गई है।