इंडिगो की गोरखपुर के लिए पहली हवाई सेवा शुरू, कैबिनेट मंत्री ने यात्रियों का किया स्वागत Prayagraj News
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत इंडिगो ने प्रयागराज-गोरखपुर के लिए पहली विमान सेवा शुरू की है। यात्रियों का स्वागत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने किया।
प्रयागराज, जेएनएन। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत प्रयागराज से गोरखपुर के लिए विमान सेवा 10 जनवरी यानी शुक्रवार से शुरू हो गई है। पहले दिन गोरखपुर से आने वाले यात्रियों का हवाई अड््डे पर प्रदेश के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने स्वागत किया। कुछ देर बाद यही विमान यहां से यात्रियों को लेकर गोरखपुर फिर गोरखपुर से कोलकाता को रवाना हो गई। एयरपोर्ट पर गोरखपुर की फ्लाइट का शुभारंभ प्रदेश के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी और बमरौली एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुनील यादव ने किया।
यात्रियों की सुविधा के लिए इंडिगो की विमान सेवा शुरू
इंडिगो की ओर से यह विमान सेवा शुरू की गई है। 76 सीटर एटीआर-72 विमान सुबह 8.40 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर 11.10 बजे गोरखपुर पहुंचा। वहां से 11.40 बजे प्रयागराज के लिए उड़ान भरा। दोपहर करीब 12.30 बजे विमान प्रयागराज पहुंचा। करीब आधे घटे बाद यहां से यात्रियों को लेकर विमान ने उड़ान भरा। दोपहर 2.30 बजे यह विमान गोरखपुर पहुंचेगा। फिर 2.50 बजे वह यात्रियों को लेकर कोलकाता के रवाना हो जाएगा।
करीब एक हजार रुपये है किराया, समय की होगी बचत
इस विमान सेवा के शुरू होने से प्रयागराज के यात्रियों को राहत मिलेगी। क्योंकि रेलवे और सड़क मार्ग से गोरखपुर जाने में 10 से 12 घंटे लगते हैं। वहीं विमान से इस दूरी को 1:10 घंटे में ही तय किया जा सकेगा। इसके लिए बुकिंग भी कई दिन से हो रही है। गुरुवार की शाम तक पहली फ्लाइट के लिए करीब आधी सीटें फुल हो गई थी। कंपनी के अधिकारियों ने दावा किया है कि आखिरी समय तक सभी सीटें फुल हो जाएंगी। इसका किराया करीब एक हजार रुपये है।
प्रयागराज के लिए यह सौगात : कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी
उत्तर प्रदेश के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत यह सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि एक दिन हवाई चप्पल वाला इंसान भी हवाई जहाज में सफर करे। उनका सपना साकार हो रहा है। इसमें मुख्यमंत्री का विशेष योगदान है।